कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
अररिया के रानीगंज में बौसीं थाना क्षेत्र के बसेटी निवासी और अपराधियों की गोली से घायल बिजनेसमैन रुद्रानंद साह की मौत हो गई। मंगलवार की देर रात सिलीगुड़ी के निजी अस्पताल से जैसे ही उनका शव बसेटी गांव पहुंचा, कोहराम मच गया। बिजनेसमैन की मौत और घटना के 12 दिन बीत जाने के बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से भड़के व्यावसायियों, परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को बसेटी बाजार बंद कर सड़क जाम कर दिया। लोगों ने सड़क पर कई जगहों पर टायर जलाकर प्रदर्शन भी किया।
मृतक के बेटे और परिजनों का कहना था कि घटना के 12 दिन बीत जाने के बाद भी अबतक पुलिस गोलीकांड के मुख्य अभियुक्त शशि यादव और उनकी पत्नी को नहीं पकड़ सकी है। पुलिस एक बदमाश को गिरफ्तार कर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। वहीं मृतक के बेटे का आरोप लगाया कि उनके पिता की हत्या में स्थानीय थाने के एक दारोगा का भी हाथ है। परिजनों का कहना था कि गोली मारने से पहले स्थानीय दारोगा चंद्रप्रकाश ने उनके पिता से पीलर उधार लिया था। पीलर का पैसा मांगने पर उसने पिता को धमकी दी थी। करीब चार घंटे तक सड़क जाम रहा। इस दौरान गुस्साए लोग मौके पर एसपी और डीएम को बुलाने की मांग कर रहे थे।
करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहने के बाद थानाध्यक्ष साजिद आलम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने बुझाने के बाद लोग शांत हुए। वहीं थानाध्यक्ष ने कहा कि पकड़ाए गए बदमाश से पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छपेमारी की जा रही है। वही थानाध्यक्ष ने कहा कि दारोगा की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। यदि उनकी भूमिका होगी तो उसपर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
