Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA NEWS:मधेपुरा में ज्वेलरी की दुकान में भीषण डकैती, 50 लाख की लूट - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, December 9, 2019

MADHEPURA NEWS:मधेपुरा में ज्वेलरी की दुकान में भीषण डकैती, 50 लाख की लूट

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

शहर के मुख्य बाजार में सोमवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए 40 से 50 लाख रुपये के जेवरात लूट लिया। इस दौरान बदामशों ने दुकान के मालिक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। बताया गया कि दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया। ग्राहक के रूप में दुकान में घुसकर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही एसपी संजय कुमार और एसडीपीओ वशी अहमद मौके पर पहुंच गए। उन्हों ने पूरे मामले की जानकारी ली।
बताया गया कि करीब साढ़े 10 बजे सुबह दो बाइक पर सवार छह बदमाश ज्वेलरी के थोक विक्रेता मां ज्वेलर्स के सामने अपनी बाइक खड़ी की। सभी बदमाश ग्राहक के रूप में दुकान के अंदर चले गए। दुकान के स्टाफ की मानें तो अंदर घुसते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें दुकान मालिक अभिषेक सोनी को तीन गोलियां लगने की बात कही जा रही है। इस दौरान बदमाशों ने स्टाफों के साथ भी मारपीट की। सभी कमरे में घुसकर तिजोरी में रखे सोना- चांदी के जेवरात लेकर निकल गए। मुरलीगंज रहटा के एक व्यापारी पर हमला कर बदमाशों ने उसका भी सिर फोड़ दिया। व्यापारी संतोष कुमार ने बताया कि वे दुकान के अंदर जैसे ही घुसे वैसे ही दुकान के अंदर से पांच से छह बदमाश हथियार लिए सामान के साथ बाहर निकल रहे थे। उन्हें गेट पर खड़ा देख पिस्टल की बट से उसके सिर पर प्रहार कर दिया। यह भी कहा जा रहा है कि डकैतों ने लगभग आधे घंटे तक दुकान में घुस कर उत्पात मचाया। प्रत्यक्ष दर्शियों की मानें तो सभी बदमाश हवा में बंदूक लहराते हुए बैग में सामान लेकर बाहर निकले और लोगों को दूर हटने की चेतावनी देते हुए बाइक पर सवार होकर भाग निकले। एसपी संजय कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। हर बिंदुओं पर दुकान के स्टाफ से पूछताछ की गयी है। अपराधियोंे का कोई फिलहाल कोई सुराग नहीं मिल सका है। जल्द ही पुलिस किसी नतीजे पर पहुंच जाएगी।
दो घंटे तक रही अफरा- तफरी की स्थिति :
ज्वेलरी दुकान में डकैती की घटना के बाद घटना स्थल के आस- पास करीब दो घंटे तक अफरा- तफरी का माहौल बना रहा। घटना की जानकारी जैसे- जैसे लोगों को मिलती गयी वैसे ही लोग मौके पर जमा होते गए। बड़ी दुर्गा स्थान के आस- पास का इलाका भीड़ में तब्दील हो गया। हर किसी के चेहरे पर इस घटना को लेकर हैरानी के साथ- साथ भय भी दिखायी दिया। लोग इस बात को लेकर हैरान थे कि मुख्य बाजार के भीड़भाड़ वाले स्थल पर अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की घटना को अंजाम देकर जिले की पुलीसिंग व्यवस्था को धता बता दिया है।

आक्रोश में व्यापारियों ने किया बाजार बंद:
मुख्य बाजार में दिनदहाड़े डकैती की घटना से आक्रोशित व्यापारियों और आमलोगों ने बाजार बंद कर सड़क जाम किया। बाजार बंद करा रहे लोग पुलिस - प्रशासन पर बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने में लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। व्यापारियों का कहना था कि आए दिन हर जगह लूट और डकैती की घटना से वे लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।