Kosi Live-कोशी लाइव बिहार: सुपौल में लड़की के साथ दुष्‍कर्म तो बेगूसराय में बदमाशों ने हद कर दी, दोबारा किया कुकृत्‍य - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, December 7, 2019

बिहार: सुपौल में लड़की के साथ दुष्‍कर्म तो बेगूसराय में बदमाशों ने हद कर दी, दोबारा किया कुकृत्‍य

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

सुपौल/ बेगूसराय। बिहार में हर तरह के क्राइम हो रहे हैं। बदमाश बेखाैफ होकर घटना को अंजाम दे रहे हैं। लोग खौफ के साये में जीने को विवश हैं। नये मामले सुपौल और बेगूसराय से सामने आए हैं। सुपौल में जहां लड़की के साथ दुष्‍कर्म का मामला सामने आया है, वहीं बेगूसराय में तो बदमाशों ने हद कर दी। वे सामूहिक दुष्‍कर्म की पीडि़ता के घर पहुंच गए और उनलोगों के साथ कुकत्‍य किया।
सुपौल में युवक ने लड़की के साथ किया दुष्कर्म, प्राथमिकी दर्ज 
सुपौल से जेएनएन के अनुसार, नगर के वार्ड संख्या 6 की एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किए जाने के मामले में शुक्रवार की देर शाम थाना को आवेदन मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने शुक्रवार की रात ही दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले युवक की खोजबीन के लिए नगर के राम रतन साह के घर जाकर छापेमारी की, किंतु दुष्कर्मी फरार था। पुलिस ने मकान मालिक से पूछताछ की। जानकारी में आया कि दुष्कर्मी युवक शंभू कुमार यादव मधुबनी जिले के घोघरडीहा प्रखंड अंतर्गत परसा पंचायत का रहने वाला है। वह यहां किराए पर रह कर कॉलेज में पढ़ रहा था और प्रभात शिक्षा सदन स्कूल में पढ़ाता भी था।

प्रभात शिक्षा सदन के संचालक सुशील कुमार साह ने बताया कि शंभू नाम का कोई भी शिक्षक मेरे विद्यालय में नहीं है और पूर्व में भी कभी नहीं था। इतना जरूर है कि शंभू नाम का एक युवक जहां वह किराए पर रह रहा था वहां के मनोज कुमार साह के तीन-चार वर्षीय पुत्र अमरजीत को स्कूल छोड़ने एवं छुट्टी के वक्त स्कूल से ले जाने के लिए जरूर आता था। उधर दुष्कर्म पीड़िता के संबंध में मोहल्ले के लोगों का कहना है कि वार्ड संख्या 6 में पीड़िता के घर के सामने के लॉज में शंभू नाम का लड़का रहता था। लॉज से लड़की का घर बीच में खाली जगह रहने के कारण दिखाई देता है। गुरुवार की रात को मोहल्ले में हो हल्ला होने की आवाज हम लोगों ने भी सुनी। इधर पीड़िता के पिता द्वारा थाना को दिया गया।

आवेदन में कहा गया है कि गुरुवार की रात को 9:00 बजे जब लड़की पिता के आने का इंतजार कर रही थी। तभी मोटरसाइकिल पर सवार युवक के द्वारा लड़की को मोटरसाइकिल पर जोर-जबरदस्ती बिठा लिया गया और उसे एकांत जगह में ले जाकर रात में दुष्कर्म किया गया। फिर उसे छोड़ दिया गया। दुष्कर्मी युवक मेरे घर के सामने के लॉज में रहता है। इधर पूछने पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता द्वारा दिए गए आवेदन पर कांड संख्या 102/ 19 दर्ज करते हुए पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सुपौल भेजा गया है। दुष्कर्मी युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। 

बेगूसराय में दुष्‍कर्मी पीडि़ता के घर फिर पहुंचा बदमाश 
बेगूसराय जेएनएन के अनुसार, दुष्कर्म की वारदातों को लेकर देशभर में उबाल है। तेलंगाना पुलिस को दुष्कर्म के आरोपियों के एनकाउंटर पर सराहना मिल रही है। वहीं बेगूसराय जिले की पुलिस सुस्ती छोडऩे का नाम नहीं ले रही। यह तो हद है कि छौड़ाही में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार महिला से दोबारा सामूहिक कुकृत्य का प्रयास किया गया। शुक्रवार की रात हुई वारदात से आहत पीडि़ता पुलिस चौकी गई तो उसे भगा दिया गया। पीडि़त महिला के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के वरीय अधिकारियों ने संज्ञान लिया और तब पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की पड़ताल शुरू की जा रही है। इधर, इंसाफ नहीं मिलने पर पीडि़ता ने आत्मदाह करने की धमकी दी है। 

फरवरी, 2012 की एक रात नसल्ला निवासी मो. शकील, मो. वकील, मो. निजाम ने साथियों संग महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस उसका अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने सुनसान जगह पर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सभी को जेल हुई। पांच साल जेल में सजा काटने के बाद सभी जमानत पर बाहर आ गए। तब से वे महिला को केस उठाने की लगातार धमकियां दे रहे थे। शुक्रवार की रात आरोपित हथियार के साथ आ धमके और उसके पति से मारपीट करने लगे। बचाव करने पर महिला को पिस्तौल की बट और लात- घूसों से मारपीट कर दुकान में तोडफ़ोड़ की। दोबारा सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। हल्ला होने पर भाग गए। महिला देर रात दो बजे छौड़ाही पुलिस चौकी पहुंची, लेकिन प्रभारी ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की और भगा दिया। इसके बाद रात में ही सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो मौके पर पुलिस पहुंची। पीडि़ता के अनुसार पुलिस ने उसे ही फटकार लगाई। वहीं इस संबंध में चौकी प्रभारी ओमप्रकाश ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।