कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। सदर एसडीओ आवास के समीप रविवार की देर रात शादी समारोह से लौट रहे युवकों की कार बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। वहीं कार पर सवार चार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये।
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में भाग लेकर चार युवक एक कार पर बैठकर लौट रहे थे। तेज गति रहने के कारण कार असंतुलित होकर भूमि सुधार उपसमाहर्ता के आवास के समीप बिजली के खंभे से टकरा गई। यह तो संयोग था कि तार टूटकर नहीं गिरा। अगर 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर सड़क पर गिरता तो कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। वहीं हादसे के बाद पहुंची सदर थाना पुलिस ने चारों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से सभी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। जिसके बाद सभी को सूर्या हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया जहां इलाज चल रहा है। जख्मी में चंदन कुमार (35), ललित कुमार यादव (30), गोपाल (45) एवं एक अन्य शामिल हैं।
