Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल: दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने दो फाइनेंसकर्मी से लूटे 5 लाख रुपये - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, December 12, 2019

सुपौल: दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने दो फाइनेंसकर्मी से लूटे 5 लाख रुपये

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सुपौल के जदिया में दो बाइक पर सवार चार बेखौफ बदमाशों ने हथियार दिखाकर फाइनेंसकर्मी से 4 लाख 95 हजार 250 रुपये लूट लिए। घटना बुधवार की देर शाम कोरियापट्टी-पिलुवाहा मुख्य मार्ग में छुरछुरिया नदी पुल के पास हुई। 
बताया जाता है कि त्रिवेणीगंज के दो फाइनेंसकर्मी शिव कुमार और जयकिशन अपने अलग-अलग बाइक से एक साथ क्लेक्शन कर त्रिवेणीगंज लौट रहे थे। जैसे ही छुरछुरिया नदी पुल के पास दोनों पहुंचे पीछे से दो अपाचे बाइक पर सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने ओवरटेक कर दोनों को धक्का देकर गिरा दिया और हथियार दिखाकर शिव कुमार से 4 लाख 95 हजार 250 रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद दोनों फाइनेंसकर्मी त्रिवेणीगंज थाना पहुंचे।
पूछताछ के बाद मामला जदिया थाना क्षेत्र का निकला तब त्रिवेणीगंज पुलिस ने इसकी सूचना जदिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज कुमार घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की तहकीकात की और कई जगहों पर छापामारी भी की। लेकिन सफलता नहीं मिली। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार को एसडीपीओ गणपति ठाकुर ने थाना पहुंच कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि फाइनेंस कम्पनी के मैनेजर भी आए हैं। घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
महज 20 दिनों में दूसरी हुई लूट की घटना
इस घटना से महज 20 दिन पहले भी कोरियापट्टी-पिलुवाहा मुख्य मार्ग में एक फाइनेंसकर्मी अमित कुमार चौधरी को निशाना बनाते हुए 1 लाख 52 हजार 710 रुपए, मोबाइल सहित अन्य सामान बदमाशों ने ओवरटेक कर लूट लिए थे। इसकी जांच अभी जारी है। इस लूट की घटना की आंच ठंडी भी नहीं हुई थी कि एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी लूट को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है।