Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा:रिश्वत लेते जूनियर इंजीनियर को निगरानी की टीम ने पकड़ा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, October 15, 2019

मधेपुरा:रिश्वत लेते जूनियर इंजीनियर को निगरानी की टीम ने पकड़ा

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
अक्की।
मुरलीगंज में पदस्थापित मनरेगा के कनीय अभियंता अभिषेक आनंद को निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को नाढ़ी पंचायत के उप मुखिया त्रिभुवन यादव से 30 हजार रुपया घूस लेते गिरफ्तार कर लिया। निगरानी विभाग के डीएसपी सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि मुरलीगंज प्रखंड के नाढ़ी पंचायत के उप मुखिया त्रिभुवन यादव ने मुरलीगंज प्रखंड के मनरेगा के कनीय अभियंता अभिषेक आनंद के खिलाफ सात निश्चय योजना में मापी पुस्तिका पूर्ण करने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। उप मुखिया की शिकायत पर निगरानी विभाग के अधिकारी मणिकांत कुमार से जांच कराई गई।
जांच के दौरान मामले की सत्यता सामने आने पर मंगलवार की सुबह निगरानी विभाग की टीम ने मुरलीगंज प्रखंड के मनरेगा के कनीय अभियंता अभिषेक आनंद को उनके मुरलीगंज स्थित आवास पर उप मुखिया से 30 हजार रुपया घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार कनीय अभियंता को निगरानी की टीम अपने साथ पटना लेकर जा रही है।
उप मुखिया त्रिभुवन यादव ने बताया कि मनरेगा के कनीय मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत कराये गए कार्य की मापी पुस्तिका पूर्ण करने के बदले प्राक्कलित राशि का आठ प्रतिशत बतौर रिश्वत की मांग कर रहा था। जिसकी शिकायत पहले मुखिया से की थी। उसके बाद परेशान होकर पटना निगरानी विभाग को 10 अक्टूबर को शिकायत किया। शिकायत पर निगरानी विभाग की टीम के निर्देश पर 30 हजार रुपया रिश्वत देने कनीय अभियंता देने पहुंचा था। इसी दौरान मनरेगा के कनीय अभियंता अभिषेक आनंद को निगरानी की टीम ने गिरफ्तार किया। उप मुखिया ने कहा कि कनीय अभियंता ने इससे पूर्व भी इसी योजना की मापी पुस्तिका भरने के बदले 22 हजार रुपया रिश्वत लिया था। कनीय अभियंता को पटना से गिरफ्तार करने आयी निगरानी की टीम में डीएसपी सर्वेश कुमार सिंह, निरीक्षक मिथिलेश कुमार जयसवाल,ईश्वर प्रसाद,कुंदन कुमार,सुजीत कुमार,संजय चतुर्वेदी शामिल थे।