कोशी लाइव:अक्की
मोहनपुर निस्फ भित्ता टोला वार्ड नौ में सरौनी-मधुबन धार के किनारे बोरे में बंद एक युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की उम्र 25-30 वर्ष होने का अनुमान लगाया जा रहा है। धार में पानी नहीं रहने के कारण उधर से गुजरने के दौरान किसी व्यक्ति ने जूट वाला बोरा बंधा देखा। बोरा खोलने पर उसमें शव मिला। अज्ञात शव मिलने की सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष महेश रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचे लोग शव की शिनाख्त नहीं कर सके। युवक की हत्या कहीं और कर शव को वहां ठिकाने लगाने की आशंका जतायी जा रही है। शव की तलाशी में जिंस की जेब से एक पर्ची मिली। पर्ची में दिल के आकार में अंग्रेजी में राजा कुमार गांव गौरव गढ़ पोस्ट कांप बाजार, थाना सौर बाजार जिला सहरसा लिखा है। इसके अलावा आई लव यू आर के लिखा हुआ है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
