उदाकिशुनगंज में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप; तीन महीने पहले हुई थी शादी
उदाकिशुनगंज। थाना क्षेत्र के मधुबन पंचायत स्थित उदा गांव के वार्ड नंबर-1 में मंगलवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान आंचल उर्फ पूजा कुमारी (20) के रूप में हुई है। वह सरवीन सहनी की पत्नी थी। घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के मायके डोहटबारी मोहल्ला, वार्ड नंबर-5, उदाकिशुनगंज नगर परिषद से परिजन उदा गांव पहुंचे। परिजनों के अनुसार, आंचल के गले पर फंदे का निशान दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की।
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
डोहटबारी निवासी शंभू सहनी के अनुसार, आंचल की शादी करीब तीन महीने पहले सरवीन सहनी के साथ हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर आंचल को कथित रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी विवाद को लेकर उसकी हत्या किए जाने की आशंका परिजनों ने जताई है।
हालांकि, नवविवाहिता की मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
शव का कराया गया पोस्टमार्टम
उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतका के गले पर फंदे का निशान मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।