Kosi Live-कोशी लाइव तेज रफ्तार पिकअप ने कार में मारी जोरदार टक्कर, MBBS डॉक्टर की मौत; पिता गंभीर, 6 महीने पहले हुई थी मां की मौत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, August 29, 2026

तेज रफ्तार पिकअप ने कार में मारी जोरदार टक्कर, MBBS डॉक्टर की मौत; पिता गंभीर, 6 महीने पहले हुई थी मां की मौत

औरंगाबाद में तेज रफ्तार पिकअप ने कार में मारी जोरदार टक्कर, MBBS डॉक्टर की मौत; पिता गंभीर, 6 महीने पहले हुई थी मां की मौत

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय MBBS डॉक्टर हर्षवर्धन कुमार की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार उनके पिता डॉ. विजय चौधरी (55) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनका इलाज दाउदनगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

हादसा ओबरा थाना क्षेत्र के पटना-डेहरी मुख्य कैनाल के पास तेजपुरा गांव के समीप हुआ। हादसे के बाद पिकअप सड़क से फिसलकर नहर की खाई में जा गिरी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

करीब 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आ रहा था पिकअप

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिकअप की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी। इसी दौरान उसने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप सड़क से नीचे नहर की ओर जा गिरा।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल डॉ. विजय चौधरी को तत्काल इलाज के लिए दाउदनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे में इकलौते बेटे की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे की खबर से हर्षवर्धन के परिवार में कोहराम मच गया। हर्षवर्धन परिवार के इकलौते बेटे थे। बताया गया कि करीब छह महीने पहले उनकी मां का भी निधन हो गया था। मां की मौत के बाद अब सड़क हादसे में इकलौते बेटे को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हर्षवर्धन कुमार मूल रूप से तेजपुरा गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में अपने परिवार के साथ डेहरी में रह रहे थे। उन्होंने MBBS की पढ़ाई पूरी कर ली थी। अभी उनकी शादी नहीं हुई थी।

हादसे की सूचना मिलते ही तेजपुरा गांव से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। गांव में शोक का माहौल है।

पिकअप चालक हादसे के बाद फरार

घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। ओबरा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और पिकअप को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मृतक डॉक्टर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस फरार पिकअप चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जानकारी जुटा रही है।

कैनाल किनारे झाड़ियों की सफाई की मांग

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने कैनाल के किनारे बढ़ी झाड़ियों को लेकर भी चिंता जताई है। तेजपुरा पंचायत के समाजसेवी संतोष सिंह उर्फ सौरभ कुमार ने बताया कि पटना-बारुण मुख्य कैनाल के किनारे कई जगह झाड़ियां और झूर काफी बढ़ गए हैं।

उनका कहना है कि झाड़ियों के कारण सड़क और आसपास का क्षेत्र स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से कैनाल के किनारे झाड़ियों की तत्काल सफाई कराने और सड़क पर पर्याप्त रेडियम लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि रात के समय रेडियम और स्पष्ट सड़क संकेत होने से वाहन चालकों को सड़क की स्थिति बेहतर दिखाई देगी और हादसों पर नियंत्रण में मदद मिल सकती है।