मधेपुरा में बेखौफ बदमाशों का तांडव: ननिहाल से लौट रहे युवक को तिनकोनमा फाटक के पास मारी गोली, हालत गंभीर
मधेपुरा। मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत श्रीनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। रविवार देर रात करीब 10:30 बजे तिनकोनमा फाटक के पास हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गोली मारने के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घायल युवक की पहचान परमानंदपुर पंचायत के वार्ड नंबर-7 निवासी रविंद्र साह के पुत्र सिकंदर कुमार साह के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ननिहाल से बाइक से लौट रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, सिकंदर कुमार साह रविवार को अपने ननिहाल सुपौल जिले के पिपरा गए थे। देर रात वह बाइक से अपने घर परमानंदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान श्रीनगर थाना क्षेत्र के तिनकोनमा फाटक के समीप पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
सिकंदर कुछ समझ पाते, इससे पहले ही अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल ने खुद परिजनों को दी सूचना
गोली लगने के बावजूद सिकंदर ने हिम्मत दिखाते हुए मोबाइल से अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी।
श्रीनगर थाना पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायल युवक को इलाज के लिए CHC कुमारखंड पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया के हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर पूर्णिया रवाना हो गए।
घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
श्रीनगर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि देर रात युवक को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया।
थानाध्यक्ष के अनुसार, परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और गोलीबारी के कारणों तथा आरोपियों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। बदमाशों के संभावित ठिकानों और भागने के रास्तों पर छापेमारी की जा रही है।