बेगूसराय में ‘King of Bihar’ लिखकर हथियारों का प्रदर्शन, कट्टा-राइफल और कारतूस के साथ VIDEO वायरल; चिकन पार्टी में भी दिखे हथियार
बेगूसराय। जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करते बदमाशों के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक कट्टा, राइफल और कारतूस के साथ दबंगई का प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में हथियारों के साथ सिगरेट पीते और चिकन पार्टी करते हुए भी युवक दिखाई दे रहे हैं।
मामला बलिया थाना क्षेत्र के नौरंगा दियारा इलाके का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच और छापेमारी शुरू कर दी है।
चादर पर रखे थे कट्टा, राइफल और कारतूस
वायरल वीडियो में जमीन पर एक चादर बिछी दिखाई दे रही है। चादर के ऊपर कट्टा, राइफल और कई कारतूस रखे नजर आ रहे हैं। इसके आसपास कुछ युवक बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में हथियारों के साथ बैठे युवक सिगरेट का धुआं उड़ाते भी नजर आ रहे हैं। वीडियो पर ‘King of Bihar boos’ जैसा कैप्शन लिखा हुआ दिखाई देता है। हथियारों का इस तरह सार्वजनिक प्रदर्शन कर वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
चिकन पार्टी के दौरान भी हथियार दिखाए
एक अन्य वीडियो में कुछ युवक चिकन पार्टी करते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि पार्टी के दौरान भी हथियार पास में रखा हुआ दिखाई दे रहा है। इससे साफ है कि वीडियो बनाने वाले युवक हथियारों के जरिए अपनी दबंग छवि दिखाने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार किन लोगों के हैं और इन्हें कहां से हासिल किया गया था।
गंगा किनारे का दुर्गम इलाका, अपराधियों के छिपने की चर्चा
बलिया थाना क्षेत्र का नौरंगा दियारा गंगा के कछार वाला इलाका है। भौगोलिक रूप से दुर्गम होने के कारण इस क्षेत्र में अपराधियों के शरण लेने की चर्चा अक्सर सामने आती रही है।
वायरल वीडियो में हथियारों का प्रदर्शन कर बदमाश आम लोगों और विरोधी गुटों में दहशत पैदा करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए युवाओं द्वारा हथियारों के साथ वीडियो बनाने की प्रवृत्ति भी चिंता का विषय बनी हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शुरू की छापेमारी
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेगूसराय पुलिस ने तत्काल मामले का सत्यापन शुरू किया। बलिया थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नौरंगा दियारा और आसपास के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस वायरल वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान करने के साथ-साथ उनके आपराधिक रिकॉर्ड और हथियारों के स्रोत की भी जानकारी जुटा रही है।
मुख्य आरोपी सुदामा चौधरी की पहचान
डीएसपी मुख्यालय निखिल कुमार ने बताया कि अवैध हथियार के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने का मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। मामले का सत्यापन कराया गया है।
जांच के दौरान वायरल वीडियो में नजर आ रहे एक मुख्य व्यक्ति की पहचान नौरंगा निवासी सुदामा चौधरी के रूप में की गई है। डीएसपी के अनुसार, इस मामले में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस वीडियो में शामिल अन्य युवकों की पहचान करने में भी जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया था तथा इसमें दिख रहे हथियारों का इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में हुआ है या नहीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में शामिल सभी आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
फिलहाल हथियारों के साथ वायरल वीडियो ने बेगूसराय के नौरंगा दियारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की छापेमारी और जांच जारी है।