नालंदा में 75 साल के पति ने पत्नी की चाकू से हत्या की: थाने पहुंचकर बोला- मुझे फांसी दीजिए; खाना नहीं मिलने से था नाराज
राजगीर (नालंदा)। राजगीर नगर के माली टोला में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। 75 वर्षीय गिन्नी मालाकार ने अपनी 65 वर्षीय पत्नी बच्ची देवी की सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी पर चाकू से कई वार किए और गला रेत दिया। घटना के बाद वह हत्या में इस्तेमाल चाकू लेकर खुद राजगीर थाना पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में आरोपी का अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
दूध लेने निकली थी महिला, सड़क पर कर दिया हमला
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह गिन्नी मालाकार का बेटा उपेंद्र मालाकार मॉर्निंग वॉक के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान बच्ची देवी दूध लेने के लिए घर से निकल रही थीं। घर के बाहर सड़क पर ही गिन्नी मालाकार ने उन पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं। आसपास के लोगों की मदद से उनके बेटे उपेंद्र मालाकार ने उन्हें ई-रिक्शा से राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया है।
CCTV में कैद हुई वारदात
घटना के दौरान सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात का दृश्य कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज की जांच कर रही है। वहीं, घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राजगीर थाना पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
थाने पहुंचकर बोला- अपने किए की सजा भुगतने को तैयार
घटना के बाद आरोपी पति खुद राजगीर थाना पहुंचा। उसने पुलिस के सामने हत्या की बात स्वीकार करते हुए अपने किए की सजा भुगतने की बात कही। आरोपी ने न्यायालय से अपने लिए फांसी की मांग करने की बात भी कही है।
पूछताछ में उसने पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह बताया। आरोपी का दावा है कि उसका बेटा उसके साथ मारपीट करता था और करीब पांच वर्षों से उसे खाना नहीं देता था। उसका आरोप है कि पत्नी भी बेटे का पक्ष लेती थी।
जमीन और पारिवारिक विवाद का भी जिक्र
आरोपी ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी ने मार्क्सवादी नगर में करीब एक एकड़ छह डिसमिल जमीन खरीदी थी। इसमें से कुछ जमीन अलग-अलग समय पर बेची गई थी। उसका दावा है कि पिछले करीब पांच वर्षों से वह खुद खाना बनाकर खाता था और परिवार के सदस्यों के साथ उसका विवाद लगातार बना हुआ था।
बेटे-बेटी ने लगाए अलग आरोप
दूसरी ओर, आरोपी के बेटे और बेटी ने पिता के आरोपों को खारिज किया है। परिजनों ने आरोपी के किसी अन्य महिला से संबंध होने का आरोप लगाया है और कहा है कि इसी वजह से परिवार में तनाव रहता था।
पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर हत्या की पूरी वजह स्पष्ट की जाएगी।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है और आरोपी गिन्नी मालाकार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस अब पारिवारिक विवाद, जमीन से जुड़े मामलों और परिजनों द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच कर रही है।