सहरसा: जिले के सौर बाजार थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 83.850 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब ढुलाई में प्रयुक्त एक टेंपो भी जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार (पुत्र मुन्ना राय) और अरविंद कुमार (पुत्र दुनिलाल महतो), दोनों निवासी इटहरा गांव, थाना बैजनाथपुर के रूप में हुई है। दोनों को सौर बाजार थाना क्षेत्र के दुखभंजन नगर से गिरफ्तार किया गया।
सौर बाजार थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध टेंपो को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान टेंपो से 83.850 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर टेंपो को जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।