Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में लड़कियों से छेड़खानी पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, 2 युवक पकड़कर पुलिस को सौंपे, दो फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, August 3, 2026

सहरसा में लड़कियों से छेड़खानी पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, 2 युवक पकड़कर पुलिस को सौंपे, दो फरार

हेडलाइन:
सहरसा में लड़कियों से छेड़खानी पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, दो युवक पकड़कर पुलिस को सौंपे, दो फरार

सहरसा: जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र के गढ़िया गांव में लड़कियों से छेड़खानी के आरोप में ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना रविवार देर शाम की है। ग्रामीणों ने आरोपियों की पिटाई करने के बाद डायल-112 पुलिस को सूचना दी।

ग्रामीणों धीरेंद्र यादव और वीरेंद्र यादव ने बताया कि पिछले दो-तीन महीनों से बाइक सवार युवक गांव में आकर लड़कियों पर फब्तियां कसते और छेड़खानी करते थे। इससे ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ रही थी।

रविवार को दो बाइकों पर सवार चार युवक फिर गांव पहुंचे और कथित तौर पर लड़कियों से छेड़खानी करने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। एक बाइक पर सवार दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों को पकड़ लिया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने उनकी पिटाई कर दी और पुलिस को बुलाया।

डायल-112 के पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार पोद्दार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर सौरबाजार थाना लाई गई। उन्होंने बताया कि लड़कियों से छेड़खानी की शिकायत मिली है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए दोनों युवक पूछताछ के दौरान अपना नाम और पता गलत बता रहे हैं। उनकी सही पहचान की जा रही है तथा फरार दो अन्य युवकों की तलाश भी जारी है।