Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल छिनतई गिरोह का खुलासा, 14 मोबाइल बरामद; बाइक लूट में 3 नाबालिग पकड़े गए - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 19, 2026

पूर्णिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल छिनतई गिरोह का खुलासा, 14 मोबाइल बरामद; बाइक लूट में 3 नाबालिग पकड़े गए

पूर्णिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल छिनतई गिरोह का खुलासा, 14 मोबाइल बरामद; बाइक लूट में 3 नाबालिग पकड़े गए

पूर्णिया में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय मोबाइल छिनतई गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से छिनतई के 14 एंड्रॉयड मोबाइल, एक बाइक, दो स्मार्टवॉच और एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में हथियार के बल पर बाइक लूट के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन विधि विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) को निरुद्ध किया है। इनके पास से लूटी गई बाइक के साथ एक अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

किराए के मकान में चल रहा था मोबाइल छिनतई गिरोह

सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मरंगा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-10 में एक किराए के मकान से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर कैलाश महतो के मकान में छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान के नगर थाना क्षेत्र के झुन्नी इस्तंबरार निवासी 24 वर्षीय मोहम्मद रब्बानी, बनभाग निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद राज और पश्चिम बंगाल के 24 परगना निवासी शीला घोष के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 14 छिनतई के मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, दो स्मार्टवॉच और एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया।

महिला की भूमिका मोबाइल खपाने में बताई गई

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पूर्णिया शहर और आसपास के इलाकों में मोबाइल छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे। पश्चिम बंगाल की रहने वाली महिला शीला घोष पर पुलिस ने गिरोह के लिए संदिग्ध कैरियर के रूप में काम करने का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार, महिला छीने गए मोबाइल को पश्चिम बंगाल और अन्य स्थानों पर खपाने का काम करती थी। मामले में मरंगा थाना में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

गन प्वाइंट पर बाइक लूट का भी खुलासा

दूसरी कार्रवाई 14 अगस्त की अहले सुबह करीब 3 बजे हुई बाइक लूट की घटना से जुड़ी है। बताया गया कि 4-5 अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर एक व्यक्ति से बाइक लूट ली थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त तीन विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया।

उनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस को जांच के दौरान एक अन्य पिस्तौल के संबंध में भी साक्ष्य मिले हैं, जिसकी बरामदगी के लिए छापेमारी और जांच जारी है।

नाबालिगों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं

पूर्णिया एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि निरुद्ध किए गए तीनों विधि विरुद्ध बालकों का पूर्व से कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि सभी को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

दोनों मामलों में पुलिस आगे की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों तथा हथियारों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।