Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA CRIME:चेन स्नैचिंग की शिकार शिक्षिका की इलाज के दौरान मौत, सुबह टहलने निकली थीं - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, July 7, 2026

PURNEA CRIME:चेन स्नैचिंग की शिकार शिक्षिका की इलाज के दौरान मौत, सुबह टहलने निकली थीं

हेडलाइन: चेन स्नैचिंग की शिकार शिक्षिका की इलाज के दौरान मौत, सुबह टहलने निकली थीं; झपट्टामारों की तलाश में छापेमारी

पूर्णिया: पूर्णिया में चेन स्नैचिंग की घटना में गंभीर रूप से घायल हुई शिक्षिका की इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार सुबह बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की थी। विरोध करने पर उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। सोमवार सुबह निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतका की पहचान रंजू झा के रूप में हुई है, जो सर्वोदयनगर स्थित भट्ठा कन्या उच्च विद्यालय में शिक्षिका थीं। यह घटना सहायक खजांची थाना क्षेत्र के शारदा नगर की है।

चेन बचाने की कोशिश में दिया धक्का

मृतका की बेटी प्रिया झा के अनुसार, रविवार सुबह उनकी मां घर से दही लेने पैदल निकली थीं। लौटने के दौरान पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। एक बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की। जब रंजू झा ने चेन बचाने का प्रयास किया तो बदमाश ने उन्हें जोरदार धक्का दे दिया।

धक्का लगने से वह सड़क पर गिर गईं और उनकी जांघ की हड्डी टूट गई। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान

सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर ने बताया कि चेन स्नैचिंग करने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

मंगलवार को मृतका के बेटे विजय कुमार ने सहायक खजांची थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।