हेडलाइन
सुपौल में देसी कट्टा और नशीले इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार, ग्रामीणों ने दबोचा
सबहेडिंग
ग्रामीणों को कट्टा दिखाकर धमकाने का आरोप, किशनपुर पुलिस ने हथियार, कारतूस और नशीले इंजेक्शन किए जब्त
खबर
सुपौल: किशनपुर थाना क्षेत्र के तुलापट्टी पंचायत में ग्रामीणों ने एक युवक को अवैध हथियार और भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह कार्रवाई विश्वकर्मा मंदिर के पास मंगलवार दोपहर हुई।
सूचना मिलते ही किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शिव शंकर कुमार (26), पिता नारायण पासवान, निवासी सुखासन वार्ड-9, श्रीपुर (थाना किशनपुर) के रूप में हुई।
ग्रामीण अमर कुमार उर्फ लालटू ने पुलिस को बताया कि आरोपी कई दिनों से गांव में घूम-घूमकर नशीले इंजेक्शन बेच रहा था, जिससे कम उम्र के बच्चे भी नशे की गिरफ्त में आ रहे थे। मंगलवार को जब वह विश्वकर्मा मंदिर के पास इंजेक्शन बेचने पहुंचा, तो ग्रामीणों ने उसका विरोध किया।
आरोप है कि विरोध के दौरान युवक ने अपनी कमर से देसी कट्टा निकालकर ग्रामीणों को धमकाने की कोशिश की। हालांकि ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली, जिसमें आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और लाल प्लास्टिक के झोले में रखे बड़ी संख्या में नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि बरामद हथियार और नशीले इंजेक्शनों के संबंध में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।