Kosi Live-कोशी लाइव पटना में बेकाबू हुआ छात्रों का प्रदर्शन, BJP विधायक ने जैसे-तैसे बचाई जान, नेताओं को दौड़ाकर पीटा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 22, 2026

पटना में बेकाबू हुआ छात्रों का प्रदर्शन, BJP विधायक ने जैसे-तैसे बचाई जान, नेताओं को दौड़ाकर पीटा

बिहार की राजधानी पटना में बुधवार (22 जुलाई, 2026) को छात्रों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। लोकभवन मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के बाद हालात बेकाबू हो गए।इस दौरान बीजेपी विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर छात्रों ने हमला कर तोड़फोड़ की।

विधायक किसी तरह सुरक्षित निकल गए, लेकिन मौके पर मौजूद उनके समर्थकों और कई बीजेपी कार्यकर्ताओं को प्रदर्शनकारियों ने खदेड़ दिया। उधर, कांग्रेस कार्यालय के पास भी बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर भिड़ंत हुई, जहां दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। पूरे घटनाक्रम के बाद पटना के कई इलाकों में तनाव का माहौल बना रहा।

पटना में उग्र हुआ छात्र आंदोलन, पुलिस से हुई सीधी भिड़ंत

छात्र संगठन आइसा की ओर से निकाले गए लोकभवन मार्च में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर निकले प्रदर्शन को जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोकने की कोशिश की। छात्र बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद प्रदर्शन कई जगहों पर हिंसक हो गया।बीजेपी विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर हमला, सुरक्षित निकले

विधानसभा का मानसून सत्र खत्म होने के बाद बीजेपी विधायक विनय बिहारी (BJP MLA Vinay Bihari car attack) डाकबंगला चौराहे से गुजर रहे थे। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारी छात्रों ने उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की। गाड़ी नहीं रुकने पर छात्रों ने उस पर हमला कर दिया और तोड़फोड़ की। मौके पर 'मारो-मारो' के नारे भी सुनाई दिए। हालांकि विधायक पूरे समय गाड़ी के अंदर रहे और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई।बीजेपी समर्थकों को खदेड़ा, कई जगह पोस्टर भी फाड़े गए

प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों का गुस्सा बीजेपी समर्थकों पर भी फूटा। डाकबंगला और आसपास के इलाकों में मौजूद कुछ कार्यकर्ताओं को खदेड़कर पीटा गया। इस बीच सड़क किनारे लगे बीजेपी के समर्थन और पार्टी से जुड़े पोस्टरों को भी प्रदर्शनकारियों ने फाड़ दिया। हालात बिगड़ने के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की और कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी।कांग्रेस कार्यालय के पास बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प

छात्र प्रदर्शन के बीच राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया। कांग्रेस कार्यालय के पास पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ताओं और कांग्रेस समर्थकों के बीच तीखी झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हुई और फिर लाठी-डंडे चलने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।मंत्रियों के आवास के बाहर भी हंगामा, पटना में हाई अलर्ट

प्रदर्शनकारियों ने डिप्टी सीएम विजय चौधरी समेत कई मंत्रियों के आवास के बाहर भी जमकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी भी प्रदर्शनकारी को संवेदनशील इलाकों में प्रवेश नहीं करने दिया। पूरे घटनाक्रम के बाद राजधानी पटना के कई हिस्सों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। विधानसभा सत्र के चलते सुरक्षा पहले से ही कड़ी थी, लेकिन हिंसक घटनाओं के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया।