आरा। भोजपुर जिले की गड़हनी थाना पुलिस ने चोरी के मामले का उद्भेदन करते हुए फरार चल रही चोर गिरोह की महिला सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित महिला के पास से करीब ढाई लाख रुपये नकद, सोने के तीन झुमके, तीन मंगलसूत्र, तीन चेन तथा करीब दो किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
गिरफ्तार महिला की पहचान पटना जिले के परसा बाजार थाना क्षेत्र के एतवारूपुर गांव निवासी रंजीत पासवान की पत्नी सीमा देवी के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक राज ने बुधवार को प्रेस नोट जारी कर इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को गड़हनी थाना क्षेत्र के लसाढ़ी गांव निवासी राकेश रोशन के घर एक अज्ञात महिला खुद को उदवंतनगर थाना क्षेत्र के मलथर गांव निवासी शिवाजी सिंह की बेटी बताकर पहुंची थी।
राकेश रोशन की मां ने उसे रिश्तेदार समझकर घर में ठहरा लिया था। रात में महिला ने काढ़ा बनाकर उसमें नशीला पदार्थ मिला दिया, जिसे पीने के बाद परिवार के सभी सदस्य बेहोशी की हालत में सो गए थे।
इसके बाद आरोपित घर में रखे करीब साढ़े छह लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गई थी। घटना के बाद राकेश रोशन ने गड़हनी थाना में अज्ञात महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
अनुसंधान के दौरान सीमा देवी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद वह फरार चल रही थी। पुलिस ने उसके घर पर छापामारी कर गिरफ्तार कर लिया।
गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत ने बताया कि आरोपित महिला अपने गिरोह के साथ अलग-अलग घरों में रिश्तेदार बनकर पहुंचती थी। रात में खाने या काढ़े में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के लोगों को बेहोश कर देती थी और फिर घर में रखे नकद व सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापामारी कर रही है।