हेडलाइन
पटना में 100 किलो गांजा जब्त, 5 अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार
सबहेडिंग
हाथीदह में SIU और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तीन गाड़ियों से 20–25 लाख की गांजा खेप बरामद
खबर
पटना: गुप्त सूचना के आधार पर विशिष्ट आसूचना इकाई (SIU) पटना और हाथीदह थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 100 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल हो रही एक थार, एक स्विफ्ट डिजायर और एक अर्टिगा कार को जब्त किया गया। पुलिस ने इस मामले में पांच अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है।
एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने बताया कि सूचना मिली थी कि हाथीदह थाना क्षेत्र से गांजे की बड़ी खेप भेजी जानी है। इसके बाद पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SIU और हाथीदह थाना पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में संयुक्त छापेमारी की। तलाशी के दौरान तीनों वाहनों से 10-10 किलो के पैकेटों में कुल 100 किलो गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के चंदन कुमार (23), विकास कुमार (23), लालबाबू कुमार (28), राजकुमार (39) तथा नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र के पंकज कुमार (23) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप समस्तीपुर पहुंचाई जानी थी।
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये है। जांच में यह भी सामने आया है कि हाथीदह और आसपास का इलाका मादक पदार्थों की तस्करी के लिए ट्रांजिट रूट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई चेन में शामिल बड़े अपराधियों की तलाश में जुटी है।
एसडीपीओ ने बताया कि इससे पहले मोकामा में 400 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि उत्तर-पूर्व भारत से आने वाली मादक पदार्थों की खेप इसी मार्ग से गुजरने की आशंका है। इसी को देखते हुए स्थानीय तस्करों और खुदरा स्तर पर नशा बेचने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान तेज कर दिया गया है।