Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में 454 एमएल प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 227 एम्पुल जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 29, 2026

सुपौल में 454 एमएल प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 227 एम्पुल जब्त

सुपौल में 454 एमएल प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 227 एम्पुल जब्त

सुपौल: जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 454 एमएल प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 227 एम्पुल प्रतिबंधित इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन, एक डेबिट कार्ड और एक बस टिकट भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

एसडीपीओ राजीव रंजन ने प्रेस वार्ता में बताया कि 28 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि पिपरा थाना क्षेत्र के तेतराही वार्ड संख्या-13 स्थित बांसबाड़ी में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद दो युवक भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 54 एमएल प्रतिबंधित इंजेक्शन और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक अन्य स्थान पर छापेमारी कर 400 एमएल अतिरिक्त इंजेक्शन, एक डेबिट कार्ड और एक बस टिकट बरामद किया। इस तरह कुल 454 एमएल यानी 227 एम्पुल प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए।

एसडीपीओ ने बताया कि जब्त इंजेक्शनों में ब्यूप्रेनोर्फिन और फेनिरामीन मेलिएट शामिल हैं, जिनका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तेतराही वार्ड संख्या-10 निवासी आशुतोष आनंद (21 वर्ष) और थुमहा वार्ड संख्या-12 निवासी रविंद्र कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

पिपरा थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित इंजेक्शन कहां से लाए गए थे और इनकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। संभावित तस्करी नेटवर्क की पहचान के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

एसडीपीओ ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।