हेडलाइन:
सहरसा में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: सोनवर्षा बाजार से 130 बोतल विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
सबहेडिंग/
रिपोर्ट सनातन कुमार
गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी, ब्लेंडर्स प्राइड और ऑफिसर्स चॉइस की शराब जब्त
सहरसा, 8 जुलाई: सहरसा जिले के सोनवर्षा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष नागमणि कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनवर्षा मुख्य बाजार में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद उनके निर्देश पर एसआई राकेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में एसआई राजा कुमार और एसआई धर्मेंद्र कुमार भी शामिल थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सोनवर्षा मुख्य बाजार स्थित रोशन विश्वास के घर से 750 एमएल की 47 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड और 180 एमएल की 83 बोतल ऑफिसर्स चॉइस विदेशी शराब बरामद की। कुल 130 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई। मौके से पुलिस ने आरोपी रोशन विश्वास को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष नागमणि कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।