Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:मुखिया पति पर जानलेवा हमला, गोली मिसफायर होने से बची जान; बदमाशों ने मारपीट कर लूटे 32 हजार रुपये - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 6, 2026

PURNEA:मुखिया पति पर जानलेवा हमला, गोली मिसफायर होने से बची जान; बदमाशों ने मारपीट कर लूटे 32 हजार रुपये

मुखिया पति पर जानलेवा हमला, गोली मिसफायर होने से बची जान; बदमाशों ने मारपीट कर लूटे 32 हजार रुपये

भवानीपुर (पूर्णिया)। पूर्णिया जिले के भवानीपुर प्रखंड अंतर्गत बसंतपुर चिंतामणि उस्कावरी पंचायत की मुखिया सह प्रखंड मुखिया संघ की अध्यक्ष सोनी सिंह के पति दौलत सिंह पर शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने हत्या की नीयत से उन पर दो बार गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बार गोली मिसफायर हो गई। इसके बाद हथियार के बट से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और 32 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

घायल दौलत सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार रात बाइक से अपने घर से पंचायत के कदवाबासा गांव किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान महेशपुरा के समीप तीन अज्ञात बदमाशों ने सड़क पर रस्सी बांधकर उनकी बाइक गिराने की साजिश रची। हालांकि उन्होंने समय रहते बाइक रोक ली।

दौलत सिंह के अनुसार बाइक रुकते ही तीनों बदमाशों ने उनके सीने पर देसी कट्टा सटाकर गोली चलाने का प्रयास किया। दो बार ट्रिगर दबाने के बावजूद गोली नहीं चली। इसके बाद बदमाशों ने कट्टे के बट से उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

उन्होंने बताया कि बदमाशों ने उनके पास मौजूद 32 हजार रुपये भी लूट लिए। इतना ही नहीं, हमलावर उन्हें पास के केले के खेत में ले जाकर हत्या करने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान वहां से एक ऑटो गुजरता दिखाई दिया, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल मुखिया पति ने अपने परिजनों और बलिया थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बलिया थानाध्यक्ष रामलाल भारती पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवानीपुर पहुंचाया।

सीएचसी भवानीपुर में डॉ. एस.के. चौधरी ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।

बलिया थानाध्यक्ष रामलाल भारती ने बताया कि घायल का इलाज पुलिस की निगरानी में कराया गया है। आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।