Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बिहार महिला क्रिकेट टीम में किशनगंज की छह बेटियों का चयन, जिले में खुशी की लहर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, June 5, 2026

BIHAR:बिहार महिला क्रिकेट टीम में किशनगंज की छह बेटियों का चयन, जिले में खुशी की लहर

किशनगंज जिले के लिए खेल जगत से एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। आगामी टी-20 टूर्नामेंट के लिए बिहार महिला क्रिकेट टीम में जिले की छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन हुआ है।एक साथ छह महिला खिलाड़ियों का राज्य टीम में चयन जिले के क्रिकेट इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इस सफलता से खेल प्रेमियों, अभिभावकों और क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है।

जानकारी के अनुसार अंडर-19 वर्ग में तानिया, श्रुति, मुस्कान और लक्खी कुमारी को बिहार महिला क्रिकेट टीम में जगह मिली है। वहीं अंडर-15 वर्ग के लिए सिया चौहान और साक्षी साहा का चयन किया गया है। इन खिलाड़ियों ने अपने निरंतर अभ्यास, मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।

जिला क्रिकेट संघ से जुड़े लोगों का कहना है कि यह सफलता केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि जिले में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों का भी परिणाम है।

विशेष रूप से किशनगंज जिला क्रिकेट संघ की अध्यक्षा संगीता जैन और उपाध्यक्ष मोताहेरा जबी की भूमिका को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों पदाधिकारियों ने महिला क्रिकेटरों को प्रशिक्षण, संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है।

जिला क्रिकेट संघ के सचिव तबरेज आलम सहित अन्य पदाधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे किशनगंज जिले के लिए गर्व का विषय है। आने वाले समय में जिला महिला क्रिकेट का एक मजबूत केंद्र बनकर उभर सकता है और यहां की खिलाड़ी राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।

खेल प्रेमियों का मानना है कि छह बेटियों का एक साथ बिहार टीम में चयन जिले की अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। यह साबित करता है कि यदि प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। अब सभी की निगाहें आगामी टी-20 टूर्नामेंट पर टिकी हैं, जहां ये खिलाड़ी बिहार और किशनगंज का नाम रोशन करने के लिए मैदान में उतरेंगी।