फुलवारी शरीफ। फुलवारी शरीफ अंचल में तैनात राजस्व कर्मचारी राणा रणविजय सिंह को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम उन्हें अपने साथ पटना ले गई, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मैनपुर अंडा पंचायत क्षेत्र के एक फरियादी ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि उसके दाखिल-खारिज के मामले के निष्पादन के लिए राजस्व कर्मचारी राणा रणविजय सिंह 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद निगरानी की टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
6 महीने पहले हुआ था स्थानांतरण
सत्यापन के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और गुरुवार को राणा रणविजय सिंह को रिश्वत की राशि लेते हुए पकड़ लिया। बताया जाता है कि राणा रणविजय सिंह करीब छह माह पहले पुनपुन अंचल से स्थानांतरित होकर फुलवारी शरीफ आए थे। उनके कार्य व्यवहार को लेकर आम लोगों के बीच लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
सूत्रों के अनुसार, राणा रणविजय सिंह अगले वर्ष सेवानिवृत्त होने वाले थे। निगरानी की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं आम लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई कार्रवाई का स्वागत करते हुए दोषी कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।