Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:कुरियर गोदाम से 505 लीटर विदेशी शराब बरामद, 24 घंटे के भीतर मुख्य तस्कर समेत 3 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 4, 2026

BIHAR NEWS:कुरियर गोदाम से 505 लीटर विदेशी शराब बरामद, 24 घंटे के भीतर मुख्य तस्कर समेत 3 गिरफ्तार

दरभंगा में कुरियर गोदाम से 505 लीटर विदेशी शराब बरामद, 24 घंटे के भीतर मुख्य तस्कर समेत 3 गिरफ्तार
दरभंगा: बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में दरभंगा मद्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मब्बी थाना क्षेत्र के मधपुर स्थित एक कुरियर कंपनी के गोदाम से 505.170 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए विभाग ने महज 24 घंटे के भीतर मुख्य अभियुक्त समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का अहम सुराग हासिल किया है।
सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि नियमित गश्ती और वाहन जांच अभियान के दौरान टीम को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके आधार पर मधपुर स्थित डीटीडीसी (DTDC) कुरियर कंपनी के गोदाम की सघन तलाशी ली गई। जांच के दौरान अधिकारियों को 40 हरे रंग के टिन कंटेनर मिले, जिनमें लकड़ी के बुरादे के अंदर बेहद सुनियोजित तरीके से विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।
बरामद शराब में बोतलों और टेट्रा पैक के रूप में कुल 505.170 लीटर विदेशी शराब शामिल है। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि शराब की इस बड़ी खेप को कुरियर पार्सल के जरिए बिहार में अवैध रूप से मंगाकर विभिन्न क्षेत्रों में खपाने की तैयारी की जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मद्य निषेध विभाग ने तुरंत अनुसंधान शुरू कर दिया। 1 जून 2026 को कुरियर कंपनी के सहयोग से पार्सलों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की गई। तकनीकी विश्लेषण और मानवीय सूचनाओं के आधार पर शराब मंगाने वाले मुख्य अभियुक्त की पहचान मधुबनी जिले के पतौना थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में की गई।
इसके बाद दरभंगा मद्य निषेध विभाग की टीम ने बेनीपट्टी मद्य निषेध थाना, मधुबनी के सहयोग से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान मुख्य अभियुक्त सहित उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। खास बात यह रही कि शराब बरामदगी के महज 24 घंटे के भीतर ही पूरे मामले का सफल उद्भेदन कर तीन आरोपियों को कानून के शिकंजे में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों से फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि शराब की खेप कहां से भेजी गई थी और इस अवैध नेटवर्क में किन-किन लोगों की संलिप्तता है। साथ ही शराब तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
सहायक आयुक्त प्रदीप कुमार ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। शराब की तस्करी, भंडारण और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।