ग्वालपाड़ा थाना पुलिस ने रविवार को स्मैक के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि वाहन चेकिंग और आसूचना संकलन के दौरान यह कार्रवाई की गई।
रविवार दोपहर करीब एक बजे शाहपुर कचरा भवन के पास पुलिस टीम वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखे, जो पुलिस को देखकर गाड़ी घुमाकर भागने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया, जिसमें एक युवक फरार हो गया जबकि दूसरे को बाइक सहित पकड़ लिया गया।
हिरासत में लिए गए युवक की तलाशी के दौरान उसके कार्गो पैंट की जेब से एक सिगरेट का डिब्बा बरामद हुआ। डिब्बा खोलने पर उसमें प्लास्टिक के 15 छोटे-छोटे पुड़िया में मादक पदार्थ (स्मैक) मिला। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुमन कुमार, निवासी ग्वालपाड़ा वार्ड नंबर 3 बताया। वहीं फरार युवक की पहचान छोटू कुमार, पिता शत्रुघ्न यादव, निवासी राजपुर सरसंडी थाना ग्वालपाड़ा के रूप में हुई है।
गश्ती दल के एएसआई ब्रजेश कुमार ने घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी। दंडाधिकारी के रूप में कृषि पदाधिकारी की मौजूदगी में इलेक्ट्रॉनिक तराजू से जब्त मादक पदार्थ का वजन कराया गया, जो 3.22 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने जब्त स्मैक के साथ नीले रंग की स्प्लेंडर बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर BR13Q1502) को भी कब्जे में लिया है। आरोपी सुमन कुमार को थाना लाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।