हेडलाइन:
फारबिसगंज रेड लाइट एरिया में बड़ी छापेमारी, 6 नाबालिग समेत 7 युवतियां मुक्त; 29 गिरफ्तार
खबर:
अररिया जिले के फारबिसगंज में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेड लाइट एरिया में छापेमारी कर 6 नाबालिग व 1 बालिग युवती को देह व्यापार के दलदल से मुक्त कराया। यह कार्रवाई शुक्रवार देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर यातायात डीएसपी फखरे आलम के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रामपुर उत्तर वार्ड संख्या 03 स्थित रेफरल रोड के पास रेड लाइट एरिया से कुल 29 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 16 महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया।
एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने आदर्श थाना फारबिसगंज में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पटना की संस्था “बाल मित्र” से मिली सूचना के आधार पर जिला स्तरीय टीम गठित कर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 12 मोबाइल फोन और देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। रेस्क्यू की गई कई नाबालिग लड़कियां दूसरे राज्यों की हैं, जिन्हें बहला-फुसलाकर फारबिसगंज लाया गया था और जबरन देह व्यापार में धकेला जा रहा था।
मुक्त कराई गई सभी नाबालिग लड़कियों को बाल कल्याण समिति (CWC) को सौंप दिया गया है। मामले में 4 अप्रैल को कांड संख्या 190/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में यातायात डीएसपी फखरे आलम, साइबर डीएसपी रजिया सुल्ताना, महिला थाना अध्यक्ष कुमारी अंचला सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।