हेडलाईन:
पूर्णिया में सड़क हादसे में घायल 8 लोगों के लिए मसीहा बनी पुलिस, 15 मिनट में अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
खबर:
पूर्णिया शहर में हुए एक भीषण सड़क हादसे के बाद भट्टा टीओपी पुलिस टीम ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए 8 घायलों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। गश्त पर निकली पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को महज 15 मिनट के भीतर जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती कराया, जिससे गंभीर रूप से घायल दो लोगों की जान बच सकी।
घटना शहर के आर.एन. साह चौक से बस स्टैंड जाने वाली सड़क के पास महबूब खान टोला जाने वाले मुख्य मार्ग की है, जहां दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त दोनों वाहनों में कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 2 गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 6 को हल्की चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल सड़क पर दर्द से कराहते रहे, जबकि स्थानीय लोग मौजूद होने के बावजूद शुरुआती समय में कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। इसी दौरान गश्त कर रही भट्टा टीओपी पुलिस टीम की नजर घायलों पर पड़ी।
पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए सभी घायलों को वाहन में लिटाकर तुरंत जीएमसीएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से गंभीर घायलों की हालत को संभाल लिया गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की है। उनका कहना है कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो हादसा और भी जानलेवा साबित हो सकता था।