Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:संतोष कुशवाहा ने दिखाया बड़ा दिल, राजू मंडल की बेटी को लिया गोद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, February 21, 2026

PURNEA:संतोष कुशवाहा ने दिखाया बड़ा दिल, राजू मंडल की बेटी को लिया गोद

पूर्णिया. पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने युवा जेडीयू अध्यक्ष राजू मंडल के असामयिक निधन के बाद एक बड़ा फैसला लिया है. शनिवार की सुबह श्री कुशवाहा ने स्व राजू मंडल के घर पर पहुंचकर राजू की पुत्री को गोद लेने की घोषणा करते हुए कहा कि अब इस बिटिया की परवरिश की पूरी जिम्मेवारी उनकी होगी. वे बेटी की शिक्षा-दीक्षा से लेकर विवाह तक होने वाले खर्च का निर्वहन करेंगे. श्री कुशवाहा ने कहा कि राजू की धर्मपत्नी की आर्थिक आवश्यकता कैसे पूरी हो यह महत्वपूर्ण है. इसके लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे. उन्होंने राजू के परिजनों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराया. उन्होंने राजू से अपने संबंधों को याद करते हुए कहा कि राजू के निधन से मेरी व्यक्तिगत क्षति है और खुद को कमजोर महसूस कर रहा हूं. राजू की बिटिया को गोद लेने की घोषणा करते हुए श्री कुशवाहा ने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा है कि राजू के अंतिम संस्कार से लौटकर पूरी रात द्वंद्व और उहापोह के बीच कब गुजर गई और सुबह ने कब दस्तक दी, पता ही नहीं चला. एक अटल फैसले के साथ राजू के आवास की ओर चल पड़ा. राजू के परिजनों से मिल अपना फैसला बताया, राजू की बिटिया की परवरिश, उसकी शिक्षा-दीक्षा से लेकर विवाह-संस्कार तक का जिम्मा अब मेरे हाथों होगा. राजू बिटिया के जैविक पिता थे, अब उस बिटिया के शेष जीवन के लिए पिता-धर्म का पालन मेरी जिम्मेवारी होगी. राजू के प्रति श्रद्धांजलि अर्पण का यह मेरा छोटा सा प्रयास है. इस मौके पर युवा नेता सुशांत कुशवाहा, छात्र नेता आशीष मेहता, बबलू आदि उपस्थित थे.