बिक्रमगंज/डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पवन सिंह (Pawan Singh) मंगलवार को बिक्रमगंज और डेहरी व्यवहार न्यायालय में पेश हुए।बिक्रमगंज कोर्ट में जहां चार मामलों में उनपर आरोप तय हुआ, वहीं डेहरी कोर्ट में एक मामले में उन्हें जमानत मिली।
काराकाट लोकसभा चुनाव के दौरान पवन सिंह पर रोड शो में अनुमति से अधिक भीड़ जुटाने के आरोप में बिक्रमगंज और डेहरी अनुमंडल न्यायालय में मामला चल रहा है।
अधिवक्ता पवन कुमार सिंह ने बताया कि उनपर बिक्रमगंज अनुमंडल में कुल पांच मुकदमे हैं। मंगलवार को चार अलग-अलग थाना कांड संख्या में आरोप तय हुआ।

इस मामले में पवन सिंह ने किसी प्रकार की कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पवन सिंह के आगमन की जानकारी गुप्त रखी गई थी, लेकिन उनके आगमन की जानकारी मिलते ही एक झलक पाने के लिए लोग उत्सुक दिखे।
वहीं, डेहरी में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में अनुमंडल व्यवहार न्यायालय के अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी रजत दीप के न्यायालय में पवन सिंह उपस्थित हुए, जहां कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी।
पवन सिंह वाई प्लस की सुरक्षा के साथ कोर्ट परिसर के पास पहुंचे। इस दौरान उनको चाहने वाले लोगों व मीडियाकर्मियों की भी भीड़ लगी रही। उमड़ी भीड़ के कारण सुरक्षाकर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
इनके अधिवक्ता मनोज कुमार अज्ञानी के अनुसार, वर्ष 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान अकोढ़ी गोला थाने में आचार संहिता के उल्लंघन मामले में इनके साथ राजपुर निवासी अंबुज कुमार सिंह समेत दो लोगों पर प्राथमिकी हुई थी।
इसी मामले में अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी रजत दीप के न्यायालय में उपस्थित हुए। हालांकि, न्यायालय ने दलीलें सुनने के बाद दोनों को जमानत दे दी।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान पवन सिंह काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे। जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले को पवन सिंह पर कुल 6 केस दर्ज किए गए थे। जिसमें पांच केस बिक्रमगंज में तथा एक केस अकोढीगोला थाना में किया गया था।