Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में लॉज में रह रही BPSC अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, February 3, 2026

मधेपुरा में लॉज में रह रही BPSC अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

 


मधेपुरा में लॉज में रह रही बीपीएससी अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

मधेपुरा।
मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र के आनंद विहार मोहल्ला स्थित वार्ड संख्या तीन में मंगलवार को एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के लरहा वार्ड नौ निवासी रामचंद्र यादव की 24 वर्षीय पुत्री निधि कुमारी के रूप में की गई है।

निधि पिछले एक महीने से मधेपुरा शहर के आनंद विहार वार्ड तीन स्थित एक लॉज में रहकर बीपीएससी शिक्षक परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह बेलारी निवासी अपनी रूममेट प्रतिभा कुमारी के साथ लॉज में रहती थी। परिजनों के अनुसार निधि दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटी थी।

कमरा अंदर से बंद मिला

लॉज मालिक शिवशंकर भारती ने बताया कि घटना के समय वह मधेपुरा में मौजूद नहीं थे और अपने गांव जोगबनी गए हुए थे। उन्होंने बताया कि लॉज में रह रही दूसरी छात्रा अर्चना ने फोन कर सूचना दी कि निधि के कमरे का गेट काफी देर से अंदर से बंद है। कई बार आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो धक्का देकर गेट खोला गया।

दरवाजा खुलने पर निधि अपने बेड पर अचेत अवस्था में पड़ी मिली और उसके शरीर में किसी तरह की हलचल नहीं थी। तत्काल उसे जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

बताया गया कि मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

मधेपुरा सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।