Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:DM का सख्त एक्शन -एक राजस्व कर्मचारी निलंबित, तीन के वेतन पर रोक - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, February 4, 2026

BIHAR:DM का सख्त एक्शन -एक राजस्व कर्मचारी निलंबित, तीन के वेतन पर रोक

मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड मुख्यालय सभागार में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में फॉर्मर रजिस्ट्रेशन को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।


इस बैठक के दौरान फॉर्मर रजिस्ट्रेशन, दाखिल खारिज और परिमार्जन सहित अन्य कार्यों में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की गई।

राजस्व कर्मचारी निलंबित, तीन कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश

लापरवाही के आरोप में महमदपुर सूरा पंचायत के राजस्व कर्मचारी प्रभात किरण को निलंबित कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, राजस्व कर्मचारी रोहित कुमार, हिमांशु कुमार और पुरुषोत्तम दास के वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश भी जारी किया गया।

बैठक में उपस्थित कृषि समन्वयकों, किसान सलाहकारों और राजस्व कर्मचारियों को जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान पंजीकरण अभियान में तेजी लाई जाए और निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाए। डीएम ने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में, बेरुआ पंचायत के किसान सलाहकार बैठक में अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने उनसे 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए फॉर्मर रजिस्ट्रेशन

डीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए फॉर्मर रजिस्ट्रेशन और केवाईसी अनिवार्य है। जो किसान यह प्रक्रिया पूरी नहीं करेंगे, उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 2 फरवरी से पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर फॉर्मर रजिस्ट्रेशन और केवाईसी का कार्य किया जा रहा है। इच्छुक किसान वसुधा केंद्र, सीएससी या कृषि विभाग के पोर्टल के माध्यम से स्वयं भी पंजीकरण करा सकते हैं।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार, सहायक उप निदेशक प्रक्षेत्र प्रवीण कुमार, बीडीओ डॉ. संजय कुमार राय सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।