Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:अदालत में मांग में भरा सिंदूर, पुलिस की नजर और भीड़ की मौजूदगी में हुई अदालती शादी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, February 25, 2026

BIHAR:अदालत में मांग में भरा सिंदूर, पुलिस की नजर और भीड़ की मौजूदगी में हुई अदालती शादी

झंझारपुर (मधुबनी)। झंझारपुर की अदालत में ऐसा रोमांचक नजारा सामने आया कि कानून और रोमांस की टकराहट किसी फिल्मी सीन जैसी लग रही थी।


पुलिस की नजर, भीड़ की उत्सुक निगाहें और अदालत की गंभीरता और बीच में एक जोड़ा, जो मांग में सिंदूर भरते ही शादी के बंधन में बंध गया।

कानून की गवाही के बीच, भीड़ की हंसी-ठिठोली और रंग-बिरंगी रस्मों का ये अनोखा संगम अदालत की दीवारों तक चौंकाने वाला था। यहां सिर्फ दस्तावेज़ों की ही नहीं, दिलों की भी सुनवाई हुई, और कोर्ट रूम बन गया एक मिनी-शादी का मंच।

यौन शोषण के आरोपित है युवक

बीते जनवरी माह की 28 तारीख को सुखेत कंजर टोल बस्ती की एक 21 वर्षीया युवती ने स्थानीय थाना में यौन शोषण का आरोप लगाते हुए ललमनिया पंचायत सुपौल निवासी छविलाल बंजारा के पुत्र रोहित कुमार को नामजद किया। आरोप है कि रोहित चार वर्ष से शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण कर रहा है और अब शादी से इंकार कर रहा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया और युवक की गिरफ्तारी के लिए दबिश बढ़ाई। पुलिस की दबिश देख दोनों पक्षों में शादी को लेकर समझौता हुआ और बुधवार को यह मामला कोर्ट तक आ पहुंचा।

कंजर बस्ती सुखेत से सैकड़ों पुरुष, महिला बच्चे कोर्ट तक आ गए। दोनों पक्षों ने अधिवक्ता ओम प्रकाश से नोटरी एग्रीमेंट का संबंधित पेपर बनवाया। एग्रीमेंट हुआ और कोर्ट में ही भारी भीड़ के बीच सिंदूरदान तक हो गया।

दोनों पक्ष शादी एग्रीमेंट के बाद अपने अपने गंतव्य को चले गए। पूछने पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें शादी हो जाने की जानकारी देर से मिली है।