Kosi Live-कोशी लाइव Bihar PACS Election: बिहार पैक्स चुनाव की तारीख घोषित, इस दिन से नामांकन शुरु, एक ही दिन होगी मतदान और मतगणना, जानिए पूरा शेड्यूल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, February 15, 2026

Bihar PACS Election: बिहार पैक्स चुनाव की तारीख घोषित, इस दिन से नामांकन शुरु, एक ही दिन होगी मतदान और मतगणना, जानिए पूरा शेड्यूल

बिहार में पैक्स चुनाव को लेकर बिगुल बज चुका है। 24 जिलों के 436 पैक्सों में चुनाव होना है। चुनाव के लिए नामांकन 6 मार्च से शुरु होगा। वहीं 18 मार्च को वोटिंग होगी और उसी दिन मतगणना भी होगी।बीते दिन ही पैक्स चुनाव की तारीखों की घोषणा की गई है। निर्वाचन समिति ने चुनाव की तारीखों की घोषणा की है। चुनाव को लेकर अब सारी तैयारी तेज हो गई है।

खास बात यह है कि उसी दिन वोटों की गिनती भी पूरी कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, यानी चुनाव और नतीजे एक ही दिन में साफ हो जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया 6 और 7 मार्च से शुरू होगी। इसके बाद 9 और 10 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी, जबकि 11 मार्च नाम वापस लेने की अंतिम तिथि तय की गई है। 18 मार्च को सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा।

मैनेजमेंट कमिटी के पदों में आरक्षण का भी प्रावधान रखा गया है। अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग के लिए दो-दो सीटें आरक्षित रहेंगी। इन आरक्षित सीटों में से 50 प्रतिशत महिलाओं के लिए तय की गई हैं, जिससे महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। जिन जिलों में चुनाव होना है, उनमें अररिया, औरंगाबाद, कटिहार, कैमूर, खगड़िया, जहानाबाद, दरभंगा, पूर्णिया, पूर्वी चंपारण, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, भोजपुर, मधुबनी, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, रोहतास, लखीसराय, समस्तीपुर, सहरसा, सारण, सीतामढ़ी, सिवान और सुपौल शामिल हैं। इन जिलों के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों के पैक्सों में मतदान कराया जाएगा।

सीटों की संख्या की बात करें तो सबसे अधिक 70 पैक्सों में अररिया, 69 में मधुबनी और 64 में भागलपुर में चुनाव होंगे। इसके अलावा सिवान में 37, कटिहार में 22, सुपौल में 21 और सारण में 20 पैक्सों में वोट डाले जाएंगे। खगड़िया और बांका में दो-दो तथा मुजफ्फरपुर में एक पैक्स में मतदान कराया जाएगा। पैक्स को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की अहम कड़ी माना जाता है, क्योंकि किसानों को कर्ज, खाद-बीज और अन्य जरूरी सुविधाएं इन्हीं समितियों के माध्यम से मिलती हैं। इसलिए स्थानीय स्तर पर इन चुनावों का खास महत्व है और गांवों में इन समितियों के जरिए कई सरकारी योजनाओं का लाभ भी किसानों तक पहुंचता है।

चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। संबंधित जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाए। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की भी व्यवस्था की जाएगी। एक ही दिन मतदान और मतगणना होने से परिणाम को लेकर लोगों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।