डिजिटल रजिस्ट्री के ज़रिए किसानों के लिए खेती और सरकारी सुविधाओं का रास्ता अब और आसान हो गया है। अब किसान सीधे लाभ पाने के लिए अब कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि उनका डेटा पहले से ही सरकार के पास होगा।इसका सबसे बड़ा फायदा है कि PM-किसान जैसी योजनाओं का पैसा सीधे खाते में पहुंचेगा। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के जरिए सस्ता और तेज लोन मिलना आसान होगा, और फसल बीमा का भुगतान भी जल्दी और बिना कागजी झंझट के हो सकेगा।
मंडियों में MSP पर उपज बेचने की प्रक्रिया सरल हो जाएगी, जिससे बिचौलियों का दखल खत्म होगा और किसान को सही दाम मिलेगा। वहीं खाद और बीज की सही समय पर उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे फसल की तैयारी में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी।
इन सबके साथ, यूनिक फार्मर आईडी, सटीक कृषि सलाह और पारदर्शिता के लाभ भी किसानों को सीधे मिलेंगे, जिससे उनकी मेहनत का सही फल उन्हें समय पर मिलेगा।
11 फरवरी तक रजिस्ट्री के लिए होगा पंजीकरण
बिहार के समस्तीपुर जिले के सभी किसानों की डिजिटल पहचान सुनिश्चित करने, पीएम किसान योजना, सब्सिडी और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे दिलाने को लेकर एग्री स्टैक परियोजना अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किया जा रहा है।
विभागीय निर्देश के आलोक में फार्मर रजिस्ट्री के तीसरा चरण के तहत चलाए जा रहे विशेष महाअभियान की तिथि में बढ़ोत्तरी करते हुए 11 फरवरी तक समय निर्धारित कर दिया गया है। ताकि अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके। बता दें कि सरकार के निर्देश के आलोक में तृतीय चरण के तहत विगत दो फरवरी से मिशन मोड में महाअभियान चलाया जा रहा है।
इस दौरान पंचायतों में भी शिविर लगाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक किसान योजना के तहत अपना पंजीकरण करवा सकें। जिला कृषि विभाग कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले के सभी 20 प्रखंडों में दो लाख 42 हजार 911 किसानों का डिजिटल आईडी यानी फार्मर रजिस्ट्री तैयार करना है। वहीं इसके विरुद्ध अब तक 91 हजार 887 किसानों का पंजीकरण किया गया है।
जिला कृषि पदाधिकारी डा. सुमित कुमार साैरभ ने बताया कि तृतीय महा अभियान के दौरान किसान पंचायत के कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, राजस्व कर्मचारी से संपर्क कर अपना फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं।
साथ ही अपने नजदीकी कामन सर्विस सेंटर पर जाकर भी किसान रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। किसान रजिस्ट्री के लिए आवश्यक दस्तावेज में आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, स्वयं के नाम से जमाबंदी होना अनिवार्य है।
फार्मर रजिस्ट्री पीएम किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए, फसल बीमा, केसीसी, सहायता अनुदान, फसल नुकसान पर वास्तविक क्षति का लाभ तथा सभी योजनाओं का लाभ एक डिजिटल पहचान के साथ लेने के लिए जरूरी है। सभी किसान अपने-अपने नजदीकी कामन सर्विस सेंटर पर जाकर फार्मर रजिस्ट्री करवा सकते हैं।