खगड़िया जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महेशखूंट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के सेजुआ (सिस्जुआ) दियारा इलाके में छापेमारी कर एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान अपराधी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है।
खगड़िया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध आग्नेयास्त्रों के निर्माण और तस्करी के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 09 फरवरी 2026 को महेशखूंट थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेजुआ दियारा क्षेत्र में अवैध रूप से हथियार बनाए जा रहे हैं।संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी साक्षी कुमारी के नेतृत्व में गोगरी और महेशखूंट थाना की एक संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम ने सेजुआ दियारा इलाके में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 32 प्रकार के सामान बरामद किए। इनमें अर्धनिर्मित बैरल, देशी कट्टा की बॉडी, फायरिंग पिन, ट्रिगर, क्लिप, ड्रिल मशीन,
लेथ मशीन, रेलवे पटरी के टुकड़े, अन्य औजार और पुर्जे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 0.315 बोर की एक मिस फायर गोली भी जब्त की गई है, जो यहां सक्रिय रूप से अवैध हथियार निर्माण का संकेत देती है।
मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन हुआ खगड़िया के एसपी राकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन हुआ। उन्होंने पुष्टि की कि अपराधी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए थे, लेकिन उनकी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में महेशखूंट थाना में कांड संख्या 23/26 (दिनांक 09.02.2026) शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। छापेमारी दल में गोगरी अंचल के पु०नि० सह अंचल निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार सिंह, महेशखूंट थाना के थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, गोगरी थाना के पु०नि० परशुराम सिंह, पु०अ०नि० दिनेश कुमार, महेशखूंट थाना के परि०पु०आ०नि० उमेश कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे अवैध हथियार निर्माण के नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है।