मुजफ्फरपुर। राज्य में खनन माफिया का भौकाल अब खत्म हो चुका है। अब भू-माफिया की बारी है। इसे भी जल्द ही समाप्त कर दिया जाएगा। उक्त बातें समृद्धि यात्रा के तहत मुजफ्फरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उपमुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बाजार समिति परिसर में मंच से कही।
उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। सिन्हा ने कहा कि सुशासन से समृद्धि के पथ तक बिहार को ले जाने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं। बिहार को जंगलराज से बाहर निकालने का काम किया। विकास के साथ उन्होंने अपराध से भी राज्य को मुक्ति दिलाई।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन समेत सभी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विकास हुआ है। 2005 की तुलना में 11 गुणा बिजली की खपत राज्य में बढ़ी है। बच्चों पर सरकार का खर्च ढाई गुणा बढ़ा है। 23 गुणा शिक्षा और 10 गुणा स्वास्थ्य पर राज्य सरकार खर्च कर रही है।
डिप्टी सीएम ने बताया कि सभी वर्ग का विकास हो रहा है और राज्य तेजी से विकास पथ पर अग्रसर है। यह मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और सबको साथ लेकर चलने का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यों में सुधार लाने के लिए जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, क्योंकि बिहार में सबसे अधिक विवाद भूमि विवाद के कारण होती है। इसका प्रभाव शीघ्र देखने को मिलेगा। भू-माफियाओं का बोलबाला पूरी तरह से खत्म होगा।
समृद्धि के चरम पर पहुंच चुका है बिहार : विजय चौधरी
बाजार समिति में जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री समृद्धि यात्रा के तहत मुजफ्फरपुर में आए हैं। इसका दो उद्देश्य है। विधानसभा चुनाव में मुजफ्फरपुर की जनता ने जिस प्रकार रिकॉर्ड वोट देकर एनडीए उम्मीदवारों को यहां से जिताया है। इसके लिए सभी को ढेर सारी बधाइयां।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य में न्याय यात्रा से शुरुआत की थी। इसके बाद कई यात्राएं की और बिहार के लोगों से मिले, उन्हें करीब से देखा, समझा और जाना। इसके बाद प्रगति यात्रा और अब समृद्धि यात्रा कर रहे हैं। यानी बिहार अब समृद्धि के चरम बिंदु पर पहुंच चुका है।
विजय चौधरी ने कहा कि जब संपूर्ण विकास की स्थिति आ जाती है तभी समृद्धि आती है। अगले पांच वर्षों में बिहार में और विकास होगा। मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच है। वे राज्य के प्रत्येक व्यक्ति के लिए काम करते हैं और इसी में विश्वास रखते हैं।