हेडलाइन:
सुपौल में प्रॉपर्टी विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या, पत्नी और दो मासूम बेटियों के सामने वारदात
पूरी खबर:
सुपौल जिले में शुक्रवार की देर रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। छोटे भाई ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान कामत किशुनगंज गांव निवासी अरविंद साह (38) के रूप में हुई है। घटना राजेश्वरी थाना क्षेत्र की है। वारदात के वक्त अरविंद अपनी पत्नी रंगीना देवी और दो मासूम बेटियों के साथ घर में सोए हुए थे।
आरोप है कि छोटा भाई गजेंद्र साह हथियार लेकर आधी रात को घर पहुंचा। पत्नी के अनुसार, पहले उसने छत के रास्ते घर में घुसने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुआ। इसके बाद उसने जमीन खोदकर अंदर आने का रास्ता बनाने की कोशिश की। करीब तीन फीट तक गड्ढा खोदने के बाद भी जब वह अंदर नहीं जा पाया, तो उसने मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़ दी और घर में घुस आया।
घर के अंदर आते ही गजेंद्र ने अरविंद पर पिस्टल तान दी और गाली-गलौज करने लगा। रंगीना देवी ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी कई बार हत्या की धमकी दे चुका था। गुरुवार की रात भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद सभी लोग खाना खाकर सो गए थे।
रंगीना देवी ने बताया कि रात करीब तीन बजे देवर दरवाजा खोलने के लिए चिल्लाने लगा। डर के कारण दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद वह जबरन घर में घुसा। पत्नी ने हाथ जोड़कर पति को छोड़ देने की गुहार लगाई और कहा कि जो चाहिए ले लो, लेकिन मेरे सुहाग को मत उजाड़ो। इसके बावजूद आरोपी ने उसे धक्का दिया और अरविंद को गोली मार दी।
गोली लगते ही अरविंद जमीन पर गिर पड़े। घटना के वक्त घर में मौजूद पत्नी और दोनों बेटियां सदमे में हैं। रंगीना देवी ने बताया कि आरोपी के साथ एक और व्यक्ति भी था, जिसे वह पहचान नहीं सकीं। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे। सूचना मिलने पर पुलिस को फोन किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की दादी मूर्ति देवी ने कहा कि जमीन को लेकर दोनों भाइयों में अक्सर झगड़ा होता था, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि बात हत्या तक पहुंच जाएगी। उन्होंने आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग करते हुए कहा कि अरविंद ही परिवार का कमाने वाला था और अब उसकी पत्नी व बेटियों का भविष्य अंधकार में चला गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही राजेश्वरी थानाध्यक्ष यूगल किशोर और त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। संपत्ति विवाद समेत हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।