एसएसपी सुशील कुमार ने आरोपी के खिलाफ सख्त ऐक्शन लेने का आदेश दिया है। सरपंच फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
घटन कटरा थाना क्षेत्र की बंधपुरा पंचायत के बसंत गांव की है। गांव स्थित पोखर में शुक्रवार को मछली पकड़ने के दौरान दो गुट भिड़ गए। सूचना मिलने के बाद कटरा पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान पंचायत के सरंपच एवं उनके समर्थकों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें दारोगा श्रीकांत सिंह जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ।
बताया जाता है कि पंचायत के सरंपच फहद आजम को मछली पकड़ने के लिए पोखर आवंटित किया गया था जिसकी अवधि पूरी हो चुकी थी। वर्तमान में तेहवारा निवासी तपेंदर सिंह को पोखर का आवंटन कर दिया गया और उन्हें मछली पकड़ने का निर्देश मिला था। तपेंदर सिंह जब भी मछली पकड़ने जाते थे तो सरपंच एवं उनके समर्थक विरोध करते थे। इसके बाद तपेंदर सिंह पुलिस से गुहार लगाई थी।
आरोपी नहीं बचेंगे
शुक्रवार को तपेंद्र सिंह जब मछली पकड़ने पहुंचे तो सरपंच और उनके समर्थक भिड़ गए। पुलिस से शिकायत पर दोपहर बाद दारोगा श्रीकांत सिंह की निगरानी में वे मछली पकड़ने पोखर पहुंचे। जानकारी मिलने पर सरपंच एवं उनके समर्थक आ धमके और मछली पकड़ने का विरोध करने लगे। बीच-बचाव में आए पुलिस पर हमला कर दिया। थानेदार पंकज कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। कानून को हाथ में लेनेवाले को बख्शा नहीं जाएगा।
इलाके में तनाव
इस घटना से कटरा में तनाव की स्थिति बन गई है। सरपंच के गुंडों ने ना सिर्फ पुलिस की पिटाई की बल्कि वहां मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों के साथ भी मारपीट की। सरपंच की दबंगई की इलाके में चर्चा हो रही है। दूसरे पक्ष के लोग इस घटना से गुस्से में हैं। हालांकि पुलिस ने दावा किया है कि पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी अप्रिय हालात को टाला जा सके। एसएसपी सुशील कुमार ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी का आदेश दिया है।