बिहार क पूर्णिया में कलियुगी बेटों का महापाप उजागर हुआ है। नगर पंचायत मीरगंज के पहाड़ टोल पकड़िया गांव में गुरुवार की रात पुत्रों ने पीटकर पिता की हत्या कर दी।
पकड़िया निवासी मृतक विजय हांसदा (65 वर्ष) रिटायर्ड बीएमपी कर्मी थे। उनकी पत्नी का पूर्व में ही देहांत हो चुका है। एक बेटे को पुलिस ने पकड़ लिया है तो दूसरा घर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार जमीन व संपत्ति को लेकर पिता और पुत्रों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार की रात भी इसी विवाद में दो पुत्रों और पिता में कहासुनी हुई। गालीगलौज के बाद मारपीट होने लगी। इसी दौरान छोटे बेटे मानवेन हांसदा (28 वर्ष) ने विजय हांसदा पर ईंट और लाठी से हमला कर दिया। स्थित देखकर एक भाई मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक पिता ने भी बचाव में प्रतिवाद किया जिसमें मानवेन को भी चोटें आईं। थोड़े ही देर बाद पिता की मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को फोन कर दिया। सूचना पर मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मानवेन को पूछताछ के लिए थाना लाई है। मीरगंज थानाध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर पिता-पुत्र में मारपीट हुई थी, जिसमें पिता की मौत हो गई। किसी ने थाने में आवेदन नहीं दिया है। बड़े बेटे आनंद की तलाश के साथ जांच की जा रही है।
बांका में गला रेतकर युवक की हत्या
बांका के सुईया थाना के बरधनिया जंगल के समीप गुरुवार देर रात एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। अज्ञात बदमाशों ने युवक की गला रेतकर हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया था। मृतक की पहचान बेलहर थाना क्षेत्र के झिकुलिया गांव निवासी रविन्द्र सिंह के पुत्र सुबोध कुमार सिंह उर्फ गुड्डू (32 वर्ष) के रूप में हुई। मृतक की पत्नी अर्चना कुमारी के फर्द बयान पर शुक्रवार को सुईया थाना में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है। परिजनों के अनुसार सुबोध सिंह गांव में रहकर खेती-किसानी करता था। एसडीपीओ रविन्द्र मोहन प्रसाद ने बताया कि इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है। जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।