विधानसभा चुनाव-2025 को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने सहरसा में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 18 और 19 सितंबर को जिले के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। उनके स्वागत और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता लगातार बैठकें कर रहे हैं।
जिला अध्यक्ष मो. ताहिर की अध्यक्षता में मत्स्यगंधा परिसर में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में बताया गया कि तेजस्वी यादव 18 सितंबर को सोनवर्षा विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे, जबकि 19 सितंबर को सहरसा, महिषी और सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
वे प्रखंड और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मिलकर आगामी चुनाव को लेकर रणनीति बनाएंगे।
सिमरी बख्तियारपुर में विधायक को लेकर नाराजगी
सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र में पार्टी के अंदरूनी मतभेद भी सामने आए हैं। बीते शनिवार को महर्षि मेही सत्संग मंदिर परिसर में हुई बैठक में कई कार्यकर्ताओं ने राजद विधायक युसूफ सलाउद्दीन के पांच साल के कार्यकाल पर असंतोष जताया।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि अगर उन्हें फिर से टिकट दिया गया तो स्थानीय स्तर पर विरोध झेलना पड़ सकता है।
इस पर जिला अध्यक्ष मो. ताहिर ने कहा कि यह बैठक पार्टी या जिला नेतृत्व द्वारा नहीं बुलाई गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया, “ना तो प्रदेश से कोई निर्देश था, ना ही जिला स्तर से। कौन बैठा और क्या किया, इसकी जानकारी हमें नहीं है।”
संगठन को धार देने की कवायद
पार्टी नेताओं का मानना है कि तेजस्वी यादव का यह दौरा संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ टिकट बंटवारे को लेकर उठ रहे सवालों पर भी अंदरूनी समीकरण स्पष्ट करेगा। कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।