Kosi Live-कोशी लाइव NEWS DESK/'घर में 10 रुपये तक नहीं छोड़े.' होने वाले दामाद संग फरार हुई मां तो भड़की बेटी, कही ये बात - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 9, 2025

NEWS DESK/'घर में 10 रुपये तक नहीं छोड़े.' होने वाले दामाद संग फरार हुई मां तो भड़की बेटी, कही ये बात

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक महिला अपने होने वाले दामाद के साथ भाग गई. महिला ने ये कदम तब उठाया जब 16 अप्रैल को उसकी बेटी की शादी होनी थी. जिस लड़के के साथ उसकी बेटी की शादी होनी थी, महिला उसी को अपना दिल दे बैठी और घर से जेवर-कैश आदि लेकर उसके साथ भाग निकली.

इस घटना के बाद से परिवार में हड़कंप मचा हुआ है. जिस बेटी की शादी होनी थी उसकी तबीयत खराब हो गई. उसे अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा. उसको ड्रीप लग रही है. उधर, महिला का पति जितेंद्र पुलिस थाने के चक्कर काट रहा है.

घर से भागी महिला की हरकत से उसकी बेटी बेहद हैरान और परेशान है. उसे यकीन नहीं हो रहा है कि कैसे उसकी मां ही उसकी खुशियों की दुश्मन बन गई. बेटी जहां अपनी शादी के सपने देख रही थी, वहीं अब उसकी मां की हरकत ने उसके सारे अरमान चकनाचूर कर दिए हैं.

बेटी अब अपनी मां की हरकत पर बहुत गुस्सा है. उसका कहना है कि उसे अब अपनी मां से कोई मतलब नहीं है. बेटी सिर्फ इतना चाहती है कि मां जो पैसा-सोना-चांदी घर से लेकर गई है, वह वापस आ जाए. मां अब जीए चाहे मरे, उससे कोई मतलब नहीं है.

बकौल बेटी- मां घर से एक एक पाई ले कर चली गई है. घर में 10 रुपये भी नहीं छोड़े. पूरा घर खाली कर दिया है. करीब 5 लाख का जेवर और 3.50 लाख रुपये कैश लेकर फरार हुई है.

बताया जा रहा है कि सास ने हाल ही में अपने होने वाले दामाद को स्मार्टफोन दिलवाया था. दोनों अक्सर फोन पर बात करते रहते थे. इस बीच उनमें प्यार पनपा, आखिर में वे एकसाथ घर से भाग गए. मामले में महिला के पति जितेंद्र का कहना है कि जब वह बेटी की शादी के लिए अपने घर आया तब पता चला कि पत्नी अपने होने वाले दामाद से 20-20 घंटे बात करती है. पहले नॉर्मल लगा लेकिन अब शक हकीकत में बदल गया. जितेंद्र ने कहा कि अब वह सिर्फ ये चाहते हैं कि पुलिस उनकी पत्नी को खोजे और परिवार के सामने लेकर आए, कैश-जेवर भी वापस दिलाए.