सहरसा। शहर के भारतीयनगर रोड पर चल रहे रेड लाइट एरिया में पुलिस टीम ने सोमवार की देर शाम छापेमारी कर एक नाबालिग लड़की को बरामद किया। वहीं, एक आरोपी को गिरफ्तार कर घर को सील कर दिया गया। मंगलवार को मुख्यालय डीएसपी कमलेश्वर प्रसाद सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सोमवार की देर शाम डायल-112 टीम को रेड लाइट एरिया से एक बच्ची ने जानकारी दी कि उसके साथ जबरन देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना पुलिस अधीक्षक को दी गई। एसपी के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया।टीम में वरीय पुलिस पदाधिकारी, वन स्टॉप सेंटर, सखी, चाइल्ड लाइन व अन्य के सदस्य शामिल थे। गठित टीम द्वारा रेड लाइट एरिया में छापेमारी की गई। इस दौरान एक कमरे से एक नाबालिग बच्ची को बरामद किया गया, जबकि अनैतिक देह व्यापार कराने में शामिल मु. सेराज नट को गिरफ्तार किया गया।
डीएसपी ने बताया कि बच्ची ने काउंसलिंग के दौरान पुलिस को जानकारी दी गई कि वो करीब छह-सात साल की थी उसी समय अपने मां-बाप से किसी रेलवे स्टेशन पर बिछड़ गई थी। जिसके बाद मानव व्यापार करानेवालों के चंगुल में फंस गई। घर का काम कराने के नाम पर बच्ची को लाया गया था।जहां कुछ सालों के बाद जबरन उससे देह व्यापार कराए जाने लगा। बच्ची अपना घर नेपाल के बॉर्डर इलाके में बता रही है। बच्ची ने बताया कि लगातार शोषण से परेशान होकर उसने डायल 112 टीम को सूचना दी। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने उसे मुक्त कराया।
डीएसपी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया और गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजा जा रहा है, जबकि जहां बच्ची के साथ अमानवीय कार्य हो रहा था उस घर को सील कर दिया गया है। जिसकी सूचना डीएम व न्यायालय को दी जा रही है। बच्ची को सुरक्षित रखा जा रहा है।