संवाद सूत्र, फुलवारीशरीफ (पटना)। दुल्हिन बाजार थाने में तैनात एक दारोगा को विवाहिता का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इस संबंध में फुलवारीशरीफ थानाध्यक्ष शफीर आलम ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विवाहिता ने थाने में बताया कि कुछ माह पहले पिताजी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस मामले में मालसलामी थाना में तैनात दारोगा रामकृष्ण सिंह कांड के अनुसंधानकर्ता थे। उनसे भेंट हुई तो उन्होंने मदद का आश्वासन देते हुए झांसे में लेकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया।
धमकी देकर बनाए संबंध
पीड़िता ने कहा कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपित दारोगा उसे धमकी देकर अवैध संबंध बनाने का दवाब बनाने लगा। उसकी हरकत से तंग आकर पति को घटना की जानकारी दी।
पीड़िता के पति ने आरोपित दारोगा रामकृष्ण सिंह की पत्नी से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराया। पत्नी ने आश्वासन दिया कि आरोपित रामकृष्ण सिंह अब ऐसा नहीं करेंगे, लेकिन वह कुछ दिनों बाद फिर धमकी देने लगा।
'...नहीं तो हत्या करा देंगे'
इसी दौरान आरोपित दारोगा का तबादला दुल्हिन बाजार थाने में हो गया। अब रामकृष्ण सिंह विवाहिता को धमकी देते हुए कहने लगा कि वह अपने पति को छोड़कर उसके साथ रहे, नहीं तो हत्या करा देंगे।
बुधवार को आरोपित दारोगा विवाहिता के घर पहुंच गया और साथ चलने का दवाब बनाते हुए अपनी बाइक पर बैठा लिया। एम्स गोलम्बर के समीप लोगों ने महिला को रोते हुए देखा तो बाइक रुकवा दी। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दारोगा और विवाहिता को साथ ले गई।
