Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA CORONA ALERT:खतरनाक स्थिति में पहुंचा कोरोना, सतर्क रहें लोग:DM - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 7, 2021

SAHARSA CORONA ALERT:खतरनाक स्थिति में पहुंचा कोरोना, सतर्क रहें लोग:DM

कोशी लाइव/सहरसा:

खतरनाक स्थिति में पहुंचा कोरोना, सतर्क रहें लोग

सहरसा। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि होली में विभिन्न प्रदेशों से प्रवासियों के घर वापसी से कोरोना संक्रमण का डर समुदाय में तेजी से फैल रहा है। सहरसा नगरीय क्षेत्र की स्थिति बेहद चिताजनक होती जा रही है। द्वितीय चरण के कोरोना में कोई लक्षण भी नहीं दिखाई दे रहा है, जबकि संक्रमण फैलने की रफ्तार प्रथम चरण की तुलना में छह गुणा ज्यादा है। इस चरण में मृत्युदर भी काफी बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन जहां अपने स्तर से कार्रवाई में जुटा है, वहीं आमलोगों को बेहद सतर्क और सुरक्षित रहने की जरूरत है। वे बुधवार को विकास भवन सभागार में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। डीएम ने कहा कि आठ मार्च 2021 तक जिला पूरी तरह कोरोना मुक्त हो गया था, परंतु नौ मार्च को नया केस मिला और उसके बाद संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कहा कि प्रशासनिक स्तर से जहां हर पंचायत एवं वार्ड में टीकाकरण का प्रयास जारी है, वहीं आमलोगों को मास्क का प्रयोग करने और शारीरिक दूरी का पालन किया जाना बेहद जरूरी हो गया। डीएम ने आमलोगों से आग्रह किया कि कम- से- कम अप्रैल माह तक बिना आवश्यक कार्य के कोई भी व्यक्ति घर से नहीं निकलें। बहुत जरूरी कार्य होने पर मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें।


---------

एक व्यक्ति की कोरोना से हुई मौत

----

जिलाधिकारी ने बताया कि मंगलवार तक 88 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं, जिसमें 80 शहरी क्षेत्र के ही हैं। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र के गांधीपथ, डीबीरोड, न्यू कॉलोनी और कायस्थ टोला के ही यह सभी मरीज हैं। चूंकि इसबार संक्रमितों का कोई लक्षण नहीं पता चल पा रहा है। ऐसे में यह तेजी से फैलता जा रहा है। बताया कि कोरोना के कारण गांधी पथ की एक महिला की मौत भी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि और भी कई कंटेनमेंट जोन बनाए जाने की जरूरत है। इसके लिए सदर एसडीओ को जिम्मेवारी सौंपी गई है।

--------------

एक सौ बेड का कोविड डेडिकेटेट वार्ड है तैयार

-----

डीएम के बताया कि अबतक जो भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, उनको होम क्वारंटराइन रखा गया है और नियंत्रण कक्ष से लगातार संपर्क कर उन्हें चिकित्सकीय सलाह और जरूरत पड़ने पर दवा भी दी जा रही है, परंतु, आवश्यकता के मद्देनजर पारा मेडिकल संस्थान में एक सौ बेड का डेडिकेटेड वार्ड तैयार रखा गया है।

बताया कि मंगलवार तक जिले में 88 एक्टिव केस मिलें हैं। जिले में कुल 16 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। नए संक्रमित मिलने के बाद कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़ाने की तैयारी चल रही है।

------

59 हजार लोगों ने लिया टीका

-----

बताया कि जिले में अबतक 59867 लोगों ने कोरोना टीका का प्रथम डोज लिया है जबकि 7253 लोगों ने दूसरा डोज भी ले लिया है। कहा कि टीकाकरण के लिए वर्तमान में जिले में 46 केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने प्रथम डोज लेने वाले लोगों को समय पर ही दूसरा डोज लिए जाने का आग्रह किया। मौके पर सदर एसडीओ शंभूनाथ झा, सिविल सर्जन डा. अवधेश प्रसाद सिंह, डीपीआरओ दिलीप कुमार देव आदि मौजूद रहे।