Kosi Live-कोशी लाइव बिहार पंचायत चुनाव: ड्यूटी करने वालों को कितना मिलेगा भत्ता, यहां जानें तय राशि - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, March 14, 2021

बिहार पंचायत चुनाव: ड्यूटी करने वालों को कितना मिलेगा भत्ता, यहां जानें तय राशि


बिहार पंचायत चुनाव के दौरान ड्यूटी पर तैनात किए जाने वाले कर्मियों के लिए देय भत्ते की राशि तय कर दी गई है। इसमें यात्रा भत्ता के साथ दैनिक भत्ता भी शामिल है। चुनावी तैयारियों के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग ने यात्रा भत्ता-सह- दैनिक भत्ता निर्धारित कर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी को आवश्यक निदेश दिया है, ताकि कर्मियों को अग्रिम भुगतान किया जा सके।

त्रिस्तरीय पंचायत व ग्राम कचहरी के कुल छह पदों के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू है। परंतु अभी तक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं की गई है।

पंचायती राज निकायों का पांच वर्षीय कार्यकाल इस वर्ष जून में पूरा हो रहा है। ऐसे में समझा जाता है कि पंचायत आम निर्वाचन की घोषणा जल्द की जाएगी।

प्रशिक्षण के लिए भी मिलेगा भत्ता
चुनावी ड्यूटी से पूर्व सभी कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए भत्ता की व्यवस्था अलग से की गई है। पीठासीन पदाधिकारी, मतदातन अधिकारी एक व दो तथा मतदान अधिकारी तीन व चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी को तीन दिनों का प्रशिक्षण होगा। प्रशिक्षण कार्य के लिए पीठासीन पदाधिकारी को 500, मतदान अधिकारी एक व दो को 375 रु. तथा मतदान अधिकारी तीन व चतुर्थ वर्गीय कर्मी को 250 रु. प्रतिदिन के हिसाब से भत्ता राशि का भुगतान किया जाएगा। जबकि अन्य पदाधिकारियों व कर्मियों को मात्र एक ही दिन प्रशिक्षण मिलेगा। इसमें मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक, मतगणना अनुसेवक व विभिन्न स्तर के पुलिस पदाधिकारी समेत अन्य शामिल हैं।

मतदान व मतगणना के लिए निर्धारित राशि
मतदान कार्य के लिए तीन दिनों की भत्ता राशि दी जाएगी। इसके तहत पीठासीन पदाधिकारी को प्रतिदिन 500, मतदान अधिकारी एक व दो को प्रतिदिन 375 तथा मतदान अधिकारी तीन व चतुर्थ वर्गीय कर्मी को प्रतिदिन 250 रु. के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। इसी तरह मतगणना पर्यवेक्षक को एक दिन के लिए 500, मतगणना सहायक को एक दिन के लिए 375 व मतगणना अनुसेवक को एक दिन के लिए 250 की दर से भुगतान होगा।

पुलिस के लिए निर्धारित भत्ता राशि
पुलिस निरीक्षक व पुलिस अवर निरीक्षक को प्रतिदिन 500 के हिसाब से तीन दिनों के लिए भत्ता राशि मुहैया कराई जाएगी। इसी तरह सहायक निरीक्षक, हवलदार व सिपाही को 375 रु. की दर से तीन दिनों के लिए तथा चौकीदार, दफादार, दलपति, एनसीसी कैडेट को 250 रु. के हिसाब से तीन दिनों के लिए राशि चुकता की जाएगी।