Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:कोचिंग के पास चोरी करता रंगे हाथ धराया, छात्रों ने पिटकर अधमरा किया - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, January 24, 2021

BIHAR:कोचिंग के पास चोरी करता रंगे हाथ धराया, छात्रों ने पिटकर अधमरा किया

कोशी लाइव:

नशे के लिए चुराता था साइकिल, छात्रों ने धुना:

आरा के शहीद भवन इलाके में एक नशेड़ी शख्स की छात्रों ने जमकर पिटाई कर दी। उसकी इतनी पिटाई हुई कि वो अधमरा हो गया। गनीमत यह रही कि कुछ स्थानीय लोगों ने चोर को छात्रों के चंगुल से बचाया, फिर उसकी जान बचाई, नहीं तो छात्र उसकी जान लेने को उतारु थे। लोगों ने बताया कि नशेड़ी चोर दिन भर नशीले पदार्थ लेकर सड़क किनारे निढाल पड़ा रहता है। छोटी-मोटी चोरियां कर वह अपने नशे का जुगाड़ करता है। नशेड़ी पर कोचिंग संस्थान में पढ़ने वाले छात्रों की साइकिल चुराने का आरोप है। वह अक्सर संस्थान के बाहर लगी साइकिल चुरा कर फरार हो जाता था। पिछले काफी दिनों से साइकिल चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। इससे छात्र काफी परेशान थे। उन्हें कोचिंग के पास साइकिल लगाने में भी डर लगने लगा। अंत में छात्रों ने चोर को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई।

छात्रों ने कोचिंग के पास दबोचा
शनिवार की सुबह कोचिंग के कुछ छात्र अब अपनी कोचिंग के बाहर अपनी साइकिलें लगाकर छिप गए और नजर साइकिलों पर गड़ा दिया। थोड़ी देर बाद एक नशेड़ी कंबल ओढ़ कर पहुंचा। फिर कंबल की ओट के पीछे एक साइकिल का लॉक खोलने लगा। इतने में ही सभी छात्र बाहर निकले और उसकी पिटाई शुरू कर दी। उसे ईंट-पत्थरों से मारा गया। लात-घुसों से पीटा गया। डंडे भी बरसाए गए। नशे की हालत में चोर बेहाल होकर सड़क पर पड़ा रहा। छात्र उसे पीटे जा रहे थे। तभी वहां से गुजर रहे एमएलसी राधाचरण सेठ की नजर चोर की पिटाई करते छात्रों पर पड़ी। उन्होंने चोर को छात्रों के चंगुल से छुड़ाया और सभी छात्रों कोचिंग जाने को कहा। इसके बाद चोर कहां गया, इसका पता नहीं चला।