छपरा। सारण पुलिस ने प्रसारित वीडियो प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए नगर थाना में तैनात दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
प्रसारित वीडियो में एक महिला सिपाही एक कपल से कथित रूप से रुपये के लेन-देन को लेकर बातचीत करती हुई दिखाई दे रही है।
मामले में प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता और पुलिस की छवि धूमिल होने की बात सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि 17 फरवरी को रात 9:45 बजे नगर थाना के सरकारी मोबाइल पर एक वीडियो प्राप्त हुआ। वीडियो के अवलोकन में यह पाया गया कि नगर थाना की आपात सेवा वाहन पर प्रतिनियुक्त महिला सिपाही 722 इंदु कुमारी एक व्यक्ति से कथित रूप से पैसों के लेन-देन संबंधी बातचीत करती हुई प्रतीत हो रही हैं।
वीडियो दो माह पुराना होने का दावा
स्थानीय लोगों ने बताया कि गंडक कालोनी में सरकारी आवास है। जहां सुन इलाका रहता है। इसमें अक्सर प्रेमी युगल आकर बातचीत करते हैं। इसी बीच पुलिसकर्मी ने एक प्रेमी जोड़े को पकड़ लिया और छोड़ने की एवज में पैसे मांगे।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर महिला सिपाही इंदु कुमारी ने बताया कि यह वीडियो लगभग दो माह पूर्व का है। उन्होंने यह भी बताया कि उस दिन ड्यूटी पर सहायक अवर निरीक्षक जगदीश शर्मा तथा चालक सिपाही उमेश सिंह मौजूद थे।
हालांकि दैनिक जागरण वीडियो की पुष्टि नहीं करता, लेकिन वायरल होने के बाद सारण पुलिस की बदनामी हो रही है और लोग तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं।
अनुशासनहीनता मानकर की गई कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने वीडियो की सामग्री को गंभीर मानते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधि से विभाग की छवि धूमिल होती है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए सहायक अवर निरीक्षक जगदीश शर्मा एवं महिला सिपाही 722 इंदु कुमारी, नगर थाना, सारण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों को निलंबन अवधि में सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर रखा गया है।
दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विभागीय अनुशासन के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने यह भी कहा कि मामले में नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस प्रशासन की सख्त चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने यह संदेश दिया है कि जनता के विश्वास को कमजोर करने वाली किसी भी गतिविधि पर सख्ती से कार्रवाई होगी। प्रसारित वीडियो के आधार पर की गई इस कार्रवाई को पुलिस ने विभागीय अनुशासन बनाए रखने की दिशा में आवश्यक कदम बताया है।