Kosi Live-कोशी लाइव NEWS DESK:जीजा MLA बन गया... विधायक आईपी गुप्ता ने साली के साथ बनाया वीडियो, मुंबई में बिता रहे क्वालिटी टाइम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, December 28, 2025

NEWS DESK:जीजा MLA बन गया... विधायक आईपी गुप्ता ने साली के साथ बनाया वीडियो, मुंबई में बिता रहे क्वालिटी टाइम

 


चुनाव के बाद परिवार संग मुंबई में सुकून के पल बिता रहे हैं विधायक आईपी गुप्ता, साली के साथ वीडियो हुआ वायरल

सहरसा / मुंबई।
बिहार के सहरसा से RJD विधायक और ई0 आईपी गुप्ता के नाम से चर्चित इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता इन दिनों चुनावी व्यस्तताओं से दूर अपने परिवार के साथ मुंबई में क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं। इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए दी है। विधायक द्वारा शेयर किया गया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें वे अपनी साली के साथ नजर आ रहे हैं।

आईपी गुप्ता ने फेसबुक पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि बहुत दिनों बाद मुंबई आने का मौका मिला है। पिछले चार-पांच महीनों से चुनावी व्यस्तता के कारण परिवार के साथ समय नहीं बिता पाए थे। मुंबई आकर उन्हें काफी सुकून मिला है। उन्होंने कहा, “अब उस दुनिया से दूर, शांति की दुनिया में, अपनों की दुनिया में हूं।” उन्होंने बताया कि साली पिंकी को जब पता चला कि वे मुंबई आए हैं तो वह अकोला से चलकर उनसे मिलने पहुंच गईं।

वीडियो में आईपी गुप्ता यह भी कहते हैं कि पत्नी और साली के साथ बिताए पुराने दिन ताजा हो गए हैं। उन्होंने कहा कि 15 साल पहले की मस्तियां फिर से लौट आई हैं और पुरानी यादें फिर जीवंत हो गई हैं।

गौरतलब है कि 55 वर्षीय इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता पेशे से सिविल इंजीनियर और व्यवसायी हैं। वे इंडियन इनक्लूसिव पार्टी के नाम से अपना राजनीतिक दल चलाते हैं और अखिल भारतीय पान महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सहरसा सीट से जीत दर्ज की। उन्हें करीब 1 लाख 15 हजार वोट मिले और उन्होंने भाजपा उम्मीदवार आलोक रंजन झा को लगभग दो हजार मतों से पराजित किया।

आईपी गुप्ता पहले कांग्रेस पार्टी में थे। 2020 का विधानसभा चुनाव उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सिकंदरा से लड़ा था, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। 2025 के चुनाव से ठीक पहले राहुल गांधी से मुलाकात के बाद उन्होंने कांग्रेस से नाता तोड़ लिया और पटना के गांधी मैदान में पान-तांती समाज की बड़ी रैली कर अपनी जातीय ताकत का प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने नई पार्टी आईपीपी का गठन किया और तेजस्वी यादव से मुलाकात कर महागठबंधन में तीन सीटें हासिल कीं, जिनमें से सहरसा सीट पर उन्हें जीत मिली।

आईपी गुप्ता मूल रूप से जमुई जिले के पतौना गांव के निवासी हैं और हरियाणा के एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक से सिविल इंजीनियरिंग में एमटेक किया है। फिलहाल वे चुनावी तनाव के बाद परिवार के साथ समय बिताकर खुद को तरोताजा कर रहे हैं।